300 रुपये की लालच में कत्ल: सोती बुजुर्ग महिला का ओढ़नी से गला घोंटा, गुटखा लेने गया युवक बना हत्यारा
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां संदीपनघाट थाना क्षेत्र में एक युवक ने महज 300 रुपये के लिए अपने ही गांव की 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सुबह बरामदे में मिली मां की लाश, बेटे के उड़ गए होश
घटना काजीपुर गांव की है। 10 फरवरी की सुबह रामशरण जब घर के बाहर बरामदे में सो रही अपनी मां श्रीमती लखपतिया को जगाने पहुंचे तो वह मृत अवस्था में पड़ी थीं। उनके गले पर संदिग्ध निशान देख परिवार वालों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
300 रुपये के लालच ने बनवा दिया हत्यारा
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देश पर जांच तेज की गई। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ओमप्रकाश पटेल उर्फ छोटू ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि 9 फरवरी की शाम वह गुटखा खरीदने दुकान गया था, जहां उसने बुजुर्ग महिला के पास पैसे देखे और उसी समय चोरी की योजना बना ली। रात में वह घर में घुस गया, लेकिन चोरी के दौरान महिला की नींद खुल गई और उन्होंने उसे पहचान लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका गला दबा दिया और उनके ओढ़े कपड़े से कसकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह महिला के पास मौजूद 300 रुपये लेकर फरार हो गया।
घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए छापेमारी तेज की और सैय्यद सरावां मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
