पंजाब

जालंधर में BSNL दफ्तर में भीषण आग, लाखों के उपकरण राख; कई इलाकों में इंटरनेट-मोबाइल सेवाएं ठप

जालंधर के नागरा रोड स्थित बीएसएनएल केंद्र में देर शाम अचानक लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर लगे लाखों रुपये के महंगे तकनीकी उपकरण जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। इस हादसे के बाद शहर के कई हिस्सों में इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं बाधित हो गई हैं।

घटना के दौरान केंद्र से उठती ऊंची लपटें और घना धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग का मंजर बेहद डरावना था, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और इलाके में हड़कंप मच गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि विभागीय स्तर पर मामले की विस्तृत जांच जारी है। सूचना मिलते ही बीएसएनएल के अधिकारी और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया।

तकनीकी टीम जुटी, सेवाएं बहाल करने की कोशिश

बीएसएनएल अधिकारियों के मुताबिक, तकनीकी टीमें लगातार काम कर रही हैं और प्रभावित सेवाओं को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि संचार व्यवस्था को जल्द सामान्य कर दिया जाएगा।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर

आग में केंद्र के कई महत्वपूर्ण उपकरण जल जाने के कारण मकसूदां, विधिपुर और आसपास के क्षेत्रों में टेलीफोन और इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बाधित हो गई हैं। नेटवर्क ठप होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा है और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।