Sunday, March 1, 2026
मध्य प्रदेश

Mahashivratri Special: बागेश्वर धाम में 300 गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह, पांच राज्यों के CM होंगे शामिल

ग्वालियर। छतरपुर जिले के गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी को 300 गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह महोत्सव का आयोजन करने जा रहा है। यह आयोजन इस वर्ष अपने सातवें संस्करण में प्रवेश कर रहा है और इसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ-साथ छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। धाम समिति ने सभी अतिथियों को औपचारिक आमंत्रण भेज दिए हैं और उनके आगमन को लेकर संकेत जारी किए हैं।

देशभर के दिग्गज राजनेताओं को आमंत्रण

बागेश्वर धाम में यह परंपरागत सामूहिक कन्या विवाह वर्षों से आयोजित होता रहा है। इस वर्ष आयोजन की भव्यता और महत्ता को देखते हुए देशभर के प्रमुख राजनीतिक चेहरे भी इसमें आमंत्रित किए गए हैं। समारोह की सुरक्षा के लिए बुंदेलखंड के जिलों के साथ-साथ ग्वालियर-चंबल संभाग से अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। धाम परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं।

संत-महात्माओं और फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी

धाम समिति के अनुसार, यह महोत्सव न केवल सामाजिक, बल्कि आध्यात्मिक महाकुंभ का स्वरूप भी लेगा। कार्यक्रम में जगतगुरु रामभद्राचार्य, मलूक पीठाधीश्वर महाराज राजेंद्र दास, स्वामी चिदानंद सरस्वती, दीदी मां साध्वी ऋतंभरा, कथावाचक रमेश भाई ओझा, सुधांशु महाराज, स्वामी कृष्णानंद महाराज भूरी वाले, ददरौआ धाम के रामदास महाराज, गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज, डॉ. लोकेश मुनि, जगतगुरु सतीक्षण देवाचार्य, नरेंद्र महाराज, विष्णु स्वामी, राम दिनेशाचार्य, प्रदीप मिश्रा, अनिरुद्धाचार्य, चित्रलेखा और इंद्रेश उपाध्याय जैसे कई संत-महात्मा शामिल होंगे।

इसके साथ ही बॉलीवुड की प्रसिद्ध हस्तियां, उद्योगपति और विभिन्न मठ-मंदिरों के संत समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन गरीब कन्याओं के कल्याण और समाज में एकजुटता का प्रतीक बनकर उभरेगा।