झारखंड के मौसम पर बड़ा अपडेट, 6 जिलों में होगी भारी बारिश; एक गुड न्यूज
Jharkhand Weather Forecast: झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। यहां राजधानी समेत राज्य के दक्षिणी भाग के छह जिलों में 24 और 25 सितंबर को भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शेष झारखंड में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश का पूर्वानुमान है। राज्य में 28 तक कहीं-कहीं तेज हवा और गरज के साथ वज्रपात भी हो सकता है। झारखंड में भारी बारिश के बाद गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है। आइए जानते हैं पूरे झारखंड के मौसम का हाल।
झारखंड के मौसम को लेकर जानकारी देते हुए मौसम विभाग ने बताया कि , 24 से 27 के बीच बंगाल की खाड़ी में दो बड़े सिस्टम बन रहे हैं, जिससे राज्य में 28 सितंबर तक बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 और 25 को रांची, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसांवा, सिमडेगा और गुमला में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं का दौर भी चलने की संभावना है। झारखंड में भारी बारिश के साथ ही एक गुड न्यूज भी है। इससे झारखंड के कई जिलों में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है। क्योंकि भारी बारिश के बाद तापमान नीचे जाने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य में मौसम बदलाव के आनेवाले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री तक गिर सकते हैं। इस दौरान रांची समेत कई जिलों में रविवार को अधिकतम तापमान 30.8 और न्यूनतम 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य में गोड्डा का तापमान सर्वाधिक 34.6 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में आनेवाले दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ सकती है। जबकि, 24 और 25 को रांची समेत राज्य के छह जिलों में कही कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है।
