Jharkhand Weather Alert: झारखंड में फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड, कोहरा-कुहासा बढ़ाएगा परेशानी; अगले 24 घंटे भारी
रांची। झारखंडवासियों को एक बार फिर तेज ठंड के लिए तैयार रहना होगा। मौसम विभाग ने राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में गिरावट की चेतावनी जारी की है। खासकर रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ने की संभावना जताई गई है, वहीं कई इलाकों में कोहरा और कुहासा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
रांची समेत कई जिलों में बढ़ेगी ठंड, 5 डिग्री तक गिर सकता है पारा
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से झारखंड के तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। इसका सबसे ज्यादा असर रात के समय महसूस किया जाएगा। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में रांची के न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। सुबह के वक्त कई क्षेत्रों में हल्का से मध्यम कुहासा छाया रह सकता है।
सुबह कुहासा, दिन में साफ रहेगा मौसम
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह के समय कुहासा रहने की संभावना है, जबकि दिन में मौसम साफ रह सकता है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा। कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा और कुहासा देखा गया। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा और सरायकेला में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज हुआ।
अगले दो दिनों तक बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार की सुबह भी कुछ इलाकों में हल्का कोहरा या कुहासा रह सकता है, हालांकि बाद में आसमान साफ हो जाएगा। अगले तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट संभव है। इसके बाद दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज
रांची मौसम केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके चलते न्यूनतम के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों में ज्यादा ठंड का अनुमान
खूंटी, गुमला, पलामू, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा खरसावां जैसे दक्षिणी जिलों में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्का कोहरा और दिन में चलने वाली ठंडी हवाएं ठंड का अहसास और बढ़ा देंगी।
