टिहरी लेक फेस्टिवल 2026 का शुभारंभ, सीएम धामी बोले—देश-विदेश के पर्यटकों का आकर्षण बन रही टिहरी झील
देहरादून/टिहरी में शुक्रवार को टिहरी लेक फेस्टिवल हिमालयन-O₂ 2026 की भव्य शुरुआत हुई। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में शामिल हुए और पर्यटन गतिविधियों का शुभारंभ किया। फेस्टिवल के उद्घाटन के साथ ही टिहरी झील एक बार फिर साहसिक पर्यटन और सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र बन गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से साहसिक, आध्यात्मिक और वेलनेस पर्यटन के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि टिहरी झील अब देश ही नहीं बल्कि विदेशों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन रही है।
सीएम धामी ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। सरकार की कोशिश है कि राज्य के प्राकृतिक संसाधनों और पर्यटन स्थलों का विकास इस तरह किया जाए, जिससे स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड का पर्यटन क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और राज्य नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। टिहरी लेक फेस्टिवल जैसे आयोजन राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
