Monday, March 2, 2026
उत्तराखंड

उत्तराखंड में चुनावी मोड में भाजपा, विधानसभा क्षेत्रों में पकड़ मजबूत करने की रणनीति, विपक्ष के नेताओं को किया शामिल

देहरादून। उत्तराखंड में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर कमर कस ली है। सत्ता में वापसी की हैट-ट्रिक के लक्ष्य के साथ भाजपा अब विधानसभा क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक जमीन और मजबूत करने में जुट गई है। इसी रणनीति के तहत पार्टी ने अन्य दलों और संगठनों के नेताओं व कार्यकर्ताओं के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। इस अभियान के दूसरे चरण में रविवार को 12 विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न दलों, संगठनों और निकाय प्रतिनिधियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय में रहा दिनभर राजनीतिक गहमागहमी का माहौल

बलवीर रोड स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के चलते सुबह से ही गहमागहमी देखने को मिली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने नवागंतुकों को पार्टी का पटका और फूलमाला पहनाकर भाजपा परिवार में स्वागत किया। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से कार्यक्रम को मिला राजनीतिक वजन

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में विधायक खजानदास, मदन कौशिक, प्रेमचंद अग्रवाल, शक्तिलाल शाह, दुर्गेश्वर लाल, राजकुमार पोरी, अनिल नौटियाल और भोपाल राम टम्टा की मौजूदगी ने आयोजन को राजनीतिक रूप से अहम बना दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने संगठन की ताकत का प्रदर्शन किया।

डबल इंजन सरकार पर जनता का भरोसा: महेंद्र भट्ट

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस मौके पर कहा कि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से लोगों का भाजपा से जुड़ना यह दर्शाता है कि प्रदेश की जनता को पार्टी और डबल इंजन सरकार पर पूरा भरोसा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग झूठ और भ्रम की राजनीति कर रहे हैं, उन्हें यह तस्वीर देखनी चाहिए कि सकारात्मक राजनीति के जरिए भी विरोधियों का विश्वास जीता जा सकता है। उन्होंने इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हवा का स्पष्ट संकेत बताया।

इन विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

कार्यक्रम में पौड़ी, पुरोला, कर्णप्रयाग, थराली, घनसाली, ऋषिकेश, धर्मपुर, रुड़की, राजपुर रोड, कोटद्वार, टिहरी और हरिद्वार विधानसभा क्षेत्रों के साथ ही उत्तरकाशी और चमोली जिलों से आए सामाजिक कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक और कर्मचारी शामिल हुए। इसके अलावा कांग्रेस, बसपा, उक्रांद, निर्दलीय कार्यकर्ता और नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला, क्षेत्र और ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

नगर निकाय और पंचायत स्तर के प्रभावशाली चेहरों की एंट्री

भाजपा में शामिल होने वालों में पौड़ी नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशर सिंह नेगी, महिला कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री रेणु नेगी और देवाल के प्रमुख तेजपाल रावत प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन चेहरों को संगठन के लिए अहम राजनीतिक मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी से मिले नवप्रवेशी कार्यकर्ता

भाजपा की सदस्यता लेने के बाद विभिन्न दलों और संगठनों से आए कार्यकर्ताओं तथा निकाय और पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि नए सदस्य भाजपा परिवार को और अधिक सशक्त बनाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के साथ देश और प्रदेश के विकास के संकल्प को नई ऊर्जा देंगे।