स्वच्छता कर्मियों को व्यावसायिक सुरक्षा के जरूरी टिप्स, 100 कर्मचारियों ने लिया प्रशिक्षण
लखनऊ। नगर निगम के त्रिलोक नाथ हॉल में स्वच्छता कर्मियों के लिए व्यावसायिक सुरक्षा पर दो दिवसीय (11–12 फरवरी) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जलकल विभाग व लखनऊ नगर निगम के तत्वावधान में पॉपुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और एचसीएल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण में 100 सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छता कर्मियों को सुरक्षित कार्य पद्धतियों, आधुनिक मशीनों के उपयोग, सेफ्टी इक्विपमेंट पहनने की अनिवार्यता और जोखिम भरी परिस्थितियों में बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर स्पष्ट संदेश दिया गया कि मैन्युअल सीवर एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित है और सीवर से जुड़े सभी कार्य केवल प्रोटेक्टिव गियर, गैस मॉनिटरिंग उपकरण और वैज्ञानिक तरीकों से ही किए जाने चाहिए।
इमरजेंसी और सीपीआर की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के उपायों पर भी प्रशिक्षण दिया गया। स्वच्छता कर्मियों को सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) की जानकारी दी गई, ताकि आपात स्थिति में जान बचाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें। इसके साथ ही मास्क, हेलमेट, ग्लव्स और गम बूट जैसे सुरक्षा उपकरणों के नियमित इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल पर दिया जोर
प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. के. श्रीवास्तव और उप नगर आयुक्त रश्मि भारती ने किया। इस मौके पर डॉ. अरविंद कुमार राव ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को संकरी जगहों और जोखिम भरे वातावरण में काम करना पड़ता है, जहां कई बार विषैली गैसें भी मौजूद रहती हैं, जो जानलेवा हो सकती हैं। ऐसे में सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने इस प्रशिक्षण आयोजन के लिए पीएसआई इंडिया के प्रयासों की सराहना की।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. के. श्रीवास्तव ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सभी के लिए आवश्यक है, लेकिन सफाई कर्मचारियों को अपने कार्य की प्रकृति के कारण कई बीमारियों का खतरा अधिक रहता है। उन्होंने कर्मचारियों को नियमित हेल्थ स्क्रीनिंग कराने की सलाह दी।
स्वच्छ उदय परियोजना के तहत चल रहा जागरूकता अभियान
पीएसआई इंडिया के जनरल मैनेजर दिनेश कुमार पांडे ने नगर निगम को सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए बताया कि पीएसआई इंडिया और एचसीएल फाउंडेशन मिलकर लखनऊ के 26 वार्डों में ‘स्वच्छ उदय’ कार्यक्रम चला रहे हैं। इसके तहत मोहल्लों में साफ-सफाई, पानी के सही रखरखाव और कूड़ा पृथक्करण को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत मोहल्ला स्वच्छता समितियों का गठन किया गया है और महिला आरोग्य समितियों को सक्रिय किया गया है। साथ ही, लखनऊ नगर निगम द्वारा संचालित लखनऊ-वन ऐप और टोल फ्री नंबर 1533 को भी प्रमोट किया जा रहा है, ताकि वॉश (WASH) से जुड़ी सेवाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार हो सके।
