IIT-ISM और नगर निगम मिलकर जांचेंगे प्लास्टिक आधारित सड़क की संभावना, DC धनबाद ने की विस्तृत बैठक
धनबाद। नगर में शहरी विकास और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए धनबाद जिला प्रशासन और नगर निगम ने अहम बैठक की। गुरुवार को उपायुक्त आदित्य रंजन के कार्यालय में आयोजित इस बैठक में शहर में चल रही विभिन्न परियोजनाओं, सुधारात्मक पहलों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में जल संरक्षण, शहरी जल प्रबंधन और प्लास्टिक अपशिष्ट के उपयोग जैसे विषयों पर विशेष बल दिया गया।
जल संरक्षण और पिट वाटर का उपयोग
बैठक में झरिया राजा तालाब, लोको टैंक तालाब और वार्ड 19 व 20 में स्थित पंपू तालाब के विकास की प्रगति पर चर्चा की गई। इसके अलावा कोयला खदानों में संचित पिट वाटर को शोधन कर पेयजल के स्तर तक उपयोग करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। जिला प्रशासन और बीसीसीएल के समन्वय से शहर में पिट वाटर आधारित पेयजल कियोस्क स्थापित करने की योजना बनाई गई।
प्लास्टिक आधारित सड़क निर्माण पर IIT-ISM का सहयोग
नगर निगम और IIT-ISM के बीच संभावित सहयोग पर भी चर्चा हुई। इसमें शहर में उत्पन्न प्लास्टिक अपशिष्ट के उपयोग, जैसे कार्बन नैनो ट्यूब, हाइड्रोजन उत्पादन और प्लास्टिक आधारित सड़क निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि धनबाद में आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और तकनीकी सुधार
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र में सुधारों का विवरण दिया। इसमें वाहन ट्रैकिंग प्रणाली, अपशिष्ट संग्रहण में पारदर्शिता और संसाधनों के दुरुपयोग पर नियंत्रण जैसे कदम शामिल हैं। इसके अलावा वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र की प्रगति और इसके शीघ्र संचालन के लिए आवश्यक भूमि संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा हुई। भविष्य में बड़े स्तर के बायोमेडिकल अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र की स्थापना की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
सड़क, यातायात और शहरी सुरक्षा पर पहल
शहर में यातायात प्रबंधन और निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए तकनीकी एवं संस्थागत उपायों पर बात हुई। स्ट्रीट लाइट के रखरखाव, खराबी का त्वरित निवारण और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान पर भी निर्णय लिया गया। महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और डिलीवरी कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेहतर प्रकाश व्यवस्था की योजना बनाई गई।
सामुदायिक सुविधाओं और शहर सौंदर्यीकरण
बैठक में पार्क, फूड कोर्ट, खेल मैदान और तालाबों को जन उपयोग में लाने, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की सुविधाओं में सुधार और सफाई मित्रों के कल्याण पर भी चर्चा हुई। सुलभ इंटरनेशनल द्वारा संचालित शौचालयों के संचालन को मानकीकृत कर उन्हें शिकायत निवारण प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
गड्ढों और सड़क संरचना सुधार पर कार्ययोजना
एसएसपी प्रभात कुमार ने सड़क डिवाइडरों के किनारे क्षतिग्रस्त ग्रिलों की मरम्मत पर बल दिया। उपायुक्त ने शहर में पाटहोल की मरम्मत के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। सभी विभागों ने विभिन्न विषयों पर प्राप्त सुझावों के आधार पर कार्रवाई करने पर सहमति जताई।
बैठक में डीडीसी सन्नी राज समेत जिला प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि सभी प्रयासों के माध्यम से शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जाएगा।
