पंजाब

पैसे लाने से इनकार पर पति ने पत्नी की हत्या की, तेजधार हथियार से हमला; आरोपी गिरफ्तार

शेरपुर (संगरूर)। पंजाब के संगरूर जिले में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मायके से पैसे लाने से इनकार करने पर पति ने अपनी पत्नी पर तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार यह घटना शेरपुर क्षेत्र के नजदीकी गांव हेडीके की है। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है।

मायके से पैसे लाने का दबाव, मना करने पर वारदात

मृतका के भाई मनजिंदर सिंह निवासी गांव लोहगढ़ ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी 46 वर्षीय बहन सुखदीप कौर की शादी करीब ढाई दशक पहले गांव हेडीके के रहने वाले जसवीर सिंह उर्फ धन्ना के साथ हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं, जिनमें एक की उम्र 22 वर्ष और दूसरे की उम्र 15 वर्ष है। बड़ा बेटा कनाडा में रहता है, जबकि छोटा बेटा आठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है।

मनजिंदर सिंह के मुताबिक उसका जीजा जसवीर सिंह अक्सर उसकी बहन को मायके से पैसे लाने के लिए परेशान करता था। वह बार-बार पैसे की मांग को लेकर सुखदीप कौर के साथ मारपीट भी करता था।

पहले भी कई बार मांगे थे लाखों रुपये

परिजनों के अनुसार करीब पांच साल पहले भी आरोपी ने सुखदीप कौर के माध्यम से पैसे की मांग की थी, जिस पर परिवार ने तीन लाख रुपये दिए थे। इसके बाद दो वर्ष पहले भी सुखदीप कौर ने अपने पति के कहने पर आठ लाख रुपये की मांग की थी। उसने बताया था कि यह रकम बड़े बेटे रविंदर सिंह को कनाडा भेजने के लिए चाहिए।

परिवार का आरोप है कि पैसे न मिलने पर जसवीर सिंह लगातार सुखदीप कौर को प्रताड़ित करता था और उसके साथ मारपीट करता था।

घर में चारपाई पर मिला शव, रसोई में फैला था खून

मनजिंदर सिंह ने बताया कि घटना वाले दिन वह खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान मामा के बेटे तलविंदर सिंह का फोन आया, जिसमें बताया गया कि सुखदीप कौर की हालत गंभीर है और उसे शेरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही वह तुरंत गांव हेडीके पहुंचा, जहां उसने देखा कि उसकी बहन घर में चारपाई पर मृत पड़ी थी। उसके सिर में गंभीर चोट थी और रसोई में खून भी फैला हुआ था, जिसे पोछकर साफ करने की कोशिश की गई थी। मनजिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि उसके जीजा जसवीर सिंह ने ही तेजधार हथियार से हमला कर उसकी बहन की हत्या की है।

भाई के बयान पर केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

थाना शेरपुर के एसएचओ बलौर सिंह ने बताया कि मृतका के भाई मनजिंदर सिंह के बयान के आधार पर जसवीर सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।