Monday, March 2, 2026
उत्तराखंड

देहरादून में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस खाई में गिरी, 30 से अधिक यात्री फंसे, 3 की मौत

देहरादून। मंगलवार को देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पांवटा से विकासनगर जा रही हिमाचल रोडवेज की एक बस सुदोई खड्ड के पास गहरी खाई में गिर गई। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

तीन लोगों की मौके पर ही मौत, कई यात्री घायल
अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना में दो महिलाएं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को स्थानीय लोगों और SDRF की मदद से खाई से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

SDRF और स्थानीय लोग कर रहे बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। स्थानीय लोग भी बचाव में जुटे और कई यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया।

हादसे के कारणों की जांच जारी
बस मीनस-क्वानू-हरिपुर मार्ग से विकासनगर की ओर जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि बस क्यों गिरी और हादसे की असली वजह क्या रही, इसकी जांच जारी है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और घायलों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है।