Sunday, March 1, 2026
राजस्थान

राजस्थान के बालोतरा में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से भिड़ी स्लीपर बस; 6 लोगों की मौत, कई घायल

राजस्थान के बालोतरा से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक प्राइवेट स्लीपर बस और ट्रेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

यह दुर्घटना बालोतरा के सरवाड़ी गांव के पास हुई। घटना की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह ने बताया कि एक निजी स्लीपर बस ट्रेलर से टकरा गई, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

एएसपी हरफूल सिंह के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।