उत्तर प्रदेश

यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण टक्कर: हाथरस में 6 की मौत, 6 घायल; सीएम योगी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में शुक्रवार को यमुना एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसे ने छह लोगों की जान ले ली, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन 141 के पास दिल्ली से धौलपुर जा रही एक इको कार को पीछे से तेज रफ्तार डबल डेकर स्लीपर बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, इको गाड़ी अलग-अलग स्थानों से 13 सवारियां लेकर राजस्थान के धौलपुर जा रही थी। ओवरटेक के दौरान बस ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। घायलों में तीन छोटे बच्चे और तीन वयस्क—दो पुरुष और एक महिला—बताए गए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बच्चों को बेहतर इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दो बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि बस चालक, सह चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही बस मालिक के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।