Himachal Weather Update: दो दिन साफ रहेगा मौसम, 9 फरवरी से पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश का अलर्ट
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट लेनी शुरू कर दी है। प्रदेशभर में शुक्रवार को तेज धूप खिलने के बावजूद दिन के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि धूप के चलते दिन में ठंड से कुछ राहत मिली, लेकिन सुबह और शाम के समय सर्दी का असर बना हुआ है।
अधिकतम तापमान में कई जगह गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट कसौली में 2.8 डिग्री और नेरी में 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। इसके अलावा अन्य कई स्थानों पर तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट आई है। वहीं भुंतर में अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कोहरे का यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सात फरवरी को कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर और हमीरपुर जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार सात और आठ फरवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे दिन के समय धूप खिली रहेगी।
9 फरवरी से बदलेगा मौसम, बर्फबारी और बारिश के आसार
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया है कि नौ, 10 और 11 फरवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हिमपात और वर्षा हो सकती है। इस दौरान पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
कोहरे से प्रभावित रही दृश्यता
शुक्रवार को बिलासपुर और मंडी में कोहरा छाया रहा। सबसे कम दृश्यता बिलासपुर में दर्ज की गई, जहां यह करीब 50 मीटर तक सिमट गई। इससे सुबह के समय यातायात प्रभावित रहा।
न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस का बदलाव देखा गया है। कुछ स्थानों पर तापमान में गिरावट तो कुछ में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 14.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा ताबो में माइनस 11.4 और कल्पा में माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
देहरा और नेरी में सबसे ज्यादा गिरावट
न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट देहरा और नेरी में एक-एक डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई है। वहीं शिमला में न्यूनतम तापमान में 2.1 डिग्री और धर्मशाला में 1.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखी गई।
सप्ताहांत पर शिमला और मनाली में बढ़ी रौनक
सप्ताहांत के चलते पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। शिमला में होटलों की ऑक्यूपेंसी करीब 70 प्रतिशत रही, जबकि कई प्रमुख होटलों में कमरे लगभग फुल रहे। होटल संचालकों के अनुसार अगले दो सप्ताह के लिए बुकिंग में बढ़ोतरी हुई है, जिससे आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। वहीं मनाली में होटलों की ऑक्यूपेंसी करीब 50 प्रतिशत दर्ज की गई।
