Himachal Weather Update: किन्नौर में कैलास पर्वत पर टूटा बर्फ का पहाड़, अटल टनल–रोहतांग में भारी बर्फबारी; 8 फरवरी से फिर बदलेगा मौसम
शिमला। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में सोमवार को बड़ा हिमस्खलन हुआ। रिब्बा क्षेत्र में दोपहर करीब 12 बजे किन्नौर कैलास पर्वत के नीचे अचानक बर्फ का पहाड़ टूट गया। राहत की बात यह रही कि हिमस्खलन नाले में गिरा, जिससे किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
अटल टनल, रोहतांग और ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर हिमपात
सोमवार सुबह प्रदेश के कई ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। अटल टनल रोहतांग, कोठी, कल्पा, सोलंगनाला, मनाली, सांगला, जोत, केलंग और कुफरी में हिमपात हुआ। वहीं बिलासपुर, मंडी और कल्पा में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। सबसे कम दृश्यता बिलासपुर में दर्ज की गई, जहां विजिबिलिटी करीब 100 मीटर तक सिमट गई।
धूप निकलते ही चढ़ा पारा, अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी
प्रदेश में सोमवार को अधिकतर स्थानों पर धूप खिली रही, हालांकि राजधानी शिमला में बादल छाए रहे। धूप निकलने से अधिकतम तापमान में औसतन छह डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। धर्मशाला में अधिकतम तापमान छह डिग्री, कल्पा में 5.1 डिग्री, कांगड़ा में पांच डिग्री और मंडी व भुंतर में चार डिग्री की वृद्धि रिकॉर्ड की गई।
न्यूनतम तापमान ने बढ़ाई ठिठुरन
हालांकि, रात के तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। प्रदेश के 13 स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। चार स्थानों पर पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 7.9 डिग्री, कुकुमसेरी में माइनस 6.6 डिग्री, कल्पा में माइनस 3.8 डिग्री और मनाली में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
नाहन और ताबो में गिरी ठंड, कई जगह तापमान में गिरावट
नाहन और ताबो में न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। कांगड़ा में 4.8 डिग्री, ताबो में 4.3 डिग्री, जबकि भुंतर, कल्पा और मंडी में 3.4 डिग्री की गिरावट आई है। बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक वर्षा मंडी जिले के गोहर में 20 मिलीमीटर दर्ज की गई।
8 फरवरी से फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हिमपात की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। विभाग ने बताया है कि 8 फरवरी से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।
