हिमाचल बोर्ड परीक्षा अपडेट: 48 घंटे में जारी होगी MCQ आंसर-की, प्रैक्टिकल के लिए मिलेगा दूसरा मौका
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने वार्षिक परीक्षाओं में पारदर्शिता और छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने कहा कि मार्च 2026 में आयोजित मैट्रिक (10वीं) और जमा दो (12वीं) की परीक्षाओं में पूछे गए बहुविकल्पीय प्रश्नों (एमसीक्यू) की उत्तर कुंजी परीक्षा संपन्न होने के सिर्फ 48 घंटे के भीतर बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी जाएगी। इस पहल का मकसद छात्रों और शिक्षकों को उत्तरों की शुद्धता की तुरंत जांच करने का अवसर देना है।
उत्तर कुंजी में आपत्ति दर्ज कर सकेंगे छात्र और शिक्षक
बोर्ड ने उत्तर कुंजी में सुधार के लिए पारदर्शी प्रक्रिया भी तय की है। यदि किसी परीक्षार्थी, शिक्षक या अन्य व्यक्ति को उत्तर कुंजी में कोई त्रुटि नजर आती है, तो वे 5 अप्रैल 2026 तक लिखित रूप में बोर्ड कार्यालय की ईमेल आईडी पर आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा विषय विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी और आवश्यक संशोधन के बाद ही परिणाम जारी किए जाएंगे।
प्रायोगिक परीक्षाओं का पुनर्निर्धारित शेड्यूल
भौगोलिक कठिनाइयों और व्यावसायिक प्रशिक्षकों की ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (ओजेटी) के कारण फरवरी में अधूरी रह गई प्रायोगिक परीक्षाओं का नया शेड्यूल तय कर दिया गया है। कक्षा 10वीं और 12वीं के व्यावसायिक विषयों का प्रायोगिक मूल्यांकन 02 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। स्कूल अपनी सुविधा अनुसार इस मूल्यांकन को ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से संपन्न करा सकेंगे।
छात्रों को मिलेगा दूसरा मौका
बोर्ड अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि जो छात्र पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के दौरान प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें पुनर्निर्धारित अवधि में एक और अवसर मिलेगा। बोर्ड का लक्ष्य पूरी परीक्षा प्रणाली को छात्र-हितैषी, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है। सभी परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
