कानपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: लव मैरिज के तीन महीने बाद महिला की हत्या, आरोपी फरार
कानपुर। यूपी के कानपुर से एक चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पनकी के एक अपार्टमेंट में सोमवार को दीपिका सैनी का शव मिला, जिसके चेहरे और शरीर पर चोट के कई निशान थे। पुलिस ने मृतका की मां चित्रा की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतका ने तीन महीने पहले रामगंगा एनक्लेव, रतनपुर के ट्रक ड्राइवर सौरभ दुबे उर्फ शोएब से लव मैरिज की थी।
अंधेरे में हुई वारदात
पड़ोसियों के मुताबिक, दंपति के बीच झगड़ा हुआ था। देर शाम दीपिका के भाई कुलदीप ने उसे फोन किया, लेकिन दीपिका ने कॉल रिसीव नहीं की। चिंतित कुलदीप जब फ्लैट पर पहुंचे तो शोएब वहां मौजूद था। पूछताछ पर शोएब ने कहा कि दीपिका ने फांसी लगा ली है। कमरे में जाकर कुलदीप ने देखा कि दीपिका बिस्तर पर मृत पड़ी थी। सूचना देने के लिए फोन निकालते समय आरोपी मौके से फरार हो गया। डीसीपी पश्चिम के अनुसार, दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।
छह साल पहले खालिद से की थी लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक, दीपिका ने छह साल पहले खालिद नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। इस विवाह से उनके दो बच्चे अनिरुद्ध (5) और रूद्र (2) हैं। विवाद और धोखे के बाद खालिद ने दीपिका को छोड़ दिया था। इसके बाद दीपिका ने फैक्ट्री में काम करके बच्चों का पालन-पोषण किया।
शोएब से हुआ दूसरा विवाह
कुछ समय बाद दीपिका की मुलाकात सौरभ उर्फ शोएब से हुई और दोनों ने मंदिर में प्रेम विवाह किया। पड़ोसियों के मुताबिक, शोएब का पालन-पोषण मुस्लिम समुदाय के लोगों ने किया था और उनके माता-पिता का निधन उनके जन्म के बाद ही हो चुका था। शोएब का परिवार बर्रा क्षेत्र में रहता है।
पुलिस ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और आरोपी सौरभ की तलाश की जा रही है। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
