हरियाणा पुलिस का सख्त संदेश: जींद में युवक पर पेशाब करने वाले 5 आरोपियों का मुंडन कर उतारी गुंडई
हरियाणा पुलिस ने जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में दबंगई दिखाने वाले पांच युवकों पर कड़ा एक्शन लेते हुए उन्हें गिरफ्तार किया और सार्वजनिक रूप से मुंडन करवाकर कड़ी चेतावनी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर रंजिश के चलते फायरिंग कर जानलेवा हमला करने, तीन युवकों को घायल करने और एक घायल युवक के चेहरे पर पेशाब करने जैसे गंभीर आरोप हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।
घटना की शिकायत के बाद हुई त्वरित कार्रवाई
जींद के रविदास मोहल्ला निवासी नवीन ने 19 फरवरी को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्तों रोहित और अजमुद्दीन के साथ हुडा ग्राउंड में बैठे थे। इसी दौरान डिग्गी मोहल्ला का अरुण अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि अरुण ने हथियार से फायर भी किया, जिसकी गोली नवीन के कान के पास से निकल गई।
बेहोश होने तक पीटते रहे, फिर किया अपमानजनक कृत्य
शिकायत में कहा गया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने युवक के मुंह पर पेशाब भी किया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद जब पीड़ित बेहोश हो गए तो आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पांच आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृष, निवेश, मोहित, रविंद्र और विजय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन पांचों का मुंडन करवाया, ताकि समाज में बदमाशी करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया जा सके। थाना प्रभारी पूर्णदास के अनुसार मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और हथियार की बरामदगी को लेकर पूछताछ की जा रही है।
