किसानों के लिए खुशखबरी! जल्द खाते में आएंगे 2-2 हजार रुपये, इस तारीख से पहले हो सकता है ट्रांसफर
भोपाल। मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 14वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के खाते में जल्द ही 2000 रुपये की राशि ट्रांसफर की जा सकती है। राज्य सरकार लगभग 81 लाख किसानों को इस योजना का लाभ देने की तैयारी में है।
15 फरवरी से पहले आ सकती है राशि
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, सीएम किसान कल्याण योजना की 14वीं किस्त 15 फरवरी 2026 से पहले किसानों के खातों में भेजी जा सकती है। यह तारीख इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इसी दिन महाशिवरात्रि का पर्व है। ऐसे में सरकार इससे पहले किसानों को आर्थिक राहत देने की योजना बना रही है।
बजट से पहले मिल सकती है सौगात
सूत्रों का कहना है कि किस्त जारी करने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। गौरतलब है कि 18 फरवरी को मध्य प्रदेश सरकार का बजट पेश होना है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि बजट से पहले ही किसानों के खाते में यह राशि ट्रांसफर कर दी जाए।
नवंबर से इंतजार कर रहे हैं किसान
किसान पिछले साल नवंबर महीने से इस किस्त का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अंदरखाने से मिल रही जानकारी किसानों के लिए राहत भरी मानी जा रही है।
ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को भी मिलेगी राहत
इसके साथ ही राज्य में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को भी जल्द राहत मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फसल नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद पात्र किसानों को फसल बीमा की राशि भी जारी की जा सकती है।
