Monday, March 2, 2026
झारखंड

गोड्डा में खाई में गिरी कार, पति-पत्नी समेत 3 की मौत; कलश स्थापना के लिए ला रहे थे गंगाजल

झारखंड के गोड्डा में परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब कलश स्थापना के लिए गंगा जल लेकर लौट रहे लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और पड़ोसी महिला शामिल है। जानकारी के मुताबिक दुर्घटना की वजह, कार से नियंत्रण खो देना बताया गया है। इसके चलते कार जाकर खाई में गिरी और उसमें सवार लोगों की मौत हो गई।

घटना गोड्डा में महागामा एकचारी मुख्य मार्ग पर शीतल नामक गांव के पास घटी है। जानकारी के मुताबिक नवरात्रि के पावन अवसर के लिए कलश स्थापना और अन्य पूजा का संपन्न होना था। इसलिए सभी लोग गंगा घाट से गंगा जल लेकर लौट रहे थे। इसी बीच दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे के बारे में पुलिस को सूचना मिली तो मौके पर पहुंची टीम ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला।

पुलिस ने कार को जब्त करके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतकों की पहचान इस प्रकार है। महागामा ऊर्जा नगर में रहने वाले जोगेद्र और उनकी पत्नी की मौत हो गई है। इनके साथ इनकी पड़ोसी कौशल्या देवी भी मौजूद थीं। वह भी कलश स्थापना के लिए गंगा जल लेने गई थीं, लेकिन सड़क हादसे में तीनों की ही मौत हो गई।

एक साथ तीन लोगों की मौत पर परिवार-मोहल्ले में मातम का माहौल छाया हुआ है। अब तक, जहां कलश स्थापना करके माता की पूजा-अर्चना होनी थी, वहां पल भर में खुशियां छिन गईं और मातम का माहौल छा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। हादसे वाली कार को भी जब्त कर लिया है।