Sunday, March 1, 2026
अन्य राज्य

UP–बिहार से MP–राजस्थान तक पारा 30°C के पार, पहाड़ों में बारिश–बर्फबारी का अलर्ट जारी

नई दिल्ली: फरवरी के आखिरी हफ्ते में मौसम ने करवट बदल ली है। उत्तर–पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तेज़ धूप और बढ़ते पारे के बीच कई राज्यों में तापमान 30°C से ऊपर दर्ज किया गया है। जबकि हिमालयी क्षेत्रों में अगले 48 घंटों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी हुई है। मौसम विभाग ने आज 27 और 28 फरवरी को कई हिस्सों में अनियमित वायु–मण्डल गतिविधियों के संकेत दिए हैं।

मैदानी राज्यों में गर्मी बढ़ी, कई शहरों में 30°C पार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3–5 डिग्री अधिक रहेगा। गुजरात और महाराष्ट्र के मैदानी जिलों में भी तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी। उत्तर–पश्चिम भारत में मार्च की ओर बढ़ते पारे का असर साफ़ देखा जा रहा है।

दिल्ली–एनसीआर में धूप, प्रदूषण में राहत

दिल्ली–एनसीआर में 27 फरवरी को तेज़ हवाओं के चलते वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। दिन में मौसम साफ़ रहेगा और धूप खिली रहेगी। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 15°C, जबकि 28 फरवरी को भी 32°C के आसपास ही अधिकतम तापमान रहने का अनुमान है।

राजस्थान में भी गर्मी का दबदबा

राजस्थान के कई हिस्सों में गर्मी का जोर दिखा। 26 फरवरी को बड़े हिस्सों में अधिकतम तापमान 37°C से ऊपर पहुंच गया। खासकर बाड़मेर में पारा 36.3°C रिकॉर्ड किया गया। जोधपुर, जैसलमेर और बीकानेर में भी सामान्य से अधिक गर्मी महसूस की गई।

मध्य प्रदेश में धूप और गर्मी

मप्र के मैदानी इलाकों में भी तापमान 27°C से 32°C के बीच दर्ज हुआ। भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में तापमान 29–30°C आसपास रहा, जबकि बुरहानपुर जैसे दक्षिणी हिस्सों में तापमान 32°C तक पहुंच गया।

उत्तर प्रदेश में भी 30°C पार कर रहे हैं तापमान

उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकांश जिलों में धूप खिली रहेगी और तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। जिन जिलों में पारा 30°C से ऊपर पहुंच चुका है उनमें कानपुर, मेरठ, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, इटावा, मैनपुरी, मथुरा, अमेठी, आजमगढ़, अमरोहा, बागपत, बहराइच, बलिया और बलरामपुर शामिल हैं।

बिहार में भी गर्मी का असर, लेकिन कोई वर्षा नहीं

बिहार में भी मौसम गर्म बना हुआ है और वर्षा की संभावना नहीं है। राजधानी पटना में आज अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 15°C रहने का अनुमान है। वहीं कैमूर में 31.8°C के साथ राज्य में सर्वाधिक पारा दर्ज किया गया है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश–बर्फबारी की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के पहाड़ी जिलों में अगले 27–28 फरवरी को स्थानीय बारिश और उच्च इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल के बिलासपुर, शिमला, मंडी, सोलन और कांगड़ा जिलों में वर्षा की आशंका है, जबकि मनाली व आसपास ऊंचाई पर बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। जम्मू-कश्मीर में भी हल्की वर्षा या बर्फबारी की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।

पूर्वोत्तर और अन्य हिस्सों में मौसम सक्रिय

मौसम विभाग ने 27 और 28 फरवरी के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज–चमक और 30–40 किमी/घंटा तक तेज़ हवाओं का अनुमान लगाया है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में भी 28 फरवरी तक गरज–चमक के साथ बारिश की संभावना है।