बिहार में पछुआ हवाओं का असर: ठंड बढ़ी, पटना समेत कई जिलों में बादल छाने के संकेत
पटना। बिहार में पछुआ हवाओं के प्रभाव से मौसम का मिजाज शुष्क बना हुआ है और तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।
सबसे कम तापमान सिवान के जीरादेई में दर्ज
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को राज्य का न्यूनतम तापमान सिवान जिले के जीरादेई में 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पटना का न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दृश्यता के मामले में पूर्णिया में सबसे कम एक हजार मीटर दर्ज की गई, जिससे सुबह के समय हल्की धुंध का असर देखा गया।
कैमूर रहा सबसे गर्म जिला
अधिकतम तापमान की बात करें तो बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि 30.5 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर जिला राज्य में सबसे गर्म रहा।
आंशिक बादल और शुष्क मौसम का बना रहेगा दौर
बुधवार को पटना और आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा और सुबह-शाम ठंड का हल्का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे दिन और रात के तापमान में अंतर बना रहेगा।
