राजस्थान

राजस्थान के सीकर में सुबह भूकंप के झटके, खाटूश्यामजी समेत कई इलाकों में दहशत

नई दिल्ली। राजस्थान के सीकर जिले में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। सुबह करीब 6 बजकर 32 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.5 दर्ज की गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार झटके हल्के थे, लेकिन कई इलाकों में लोगों ने उन्हें स्पष्ट रूप से महसूस किया।

भूकंप के झटके महसूस होते ही कई घरों में पंखे और बर्तन हिलने लगे, जिससे लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ स्थानों पर सामान गिरने की भी सूचना मिली। दहशत के कारण लोग काफी देर तक घरों के बाहर ही खड़े रहे और स्थिति सामान्य होने का इंतजार करते रहे।

इन इलाकों में महसूस किए गए झटके

स्थानीय लोगों के अनुसार भूकंप के झटके सीकर शहर के अलावा रानोली, खाटूश्यामजी, फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ सहित आसपास के कई गांवों और कस्बों में महसूस किए गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक भूकंप का केंद्र सीकर जिला ही रहा, जिससे आसपास के इलाकों में हल्की कंपन महसूस हुई।

जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं

झटकों के बाद खाटूश्यामजी क्षेत्र में मौजूद होटल और धर्मशालाओं में ठहरे श्रद्धालु भी बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।