नशे में दरिंदगी: हल्द्वानी गल्ला मंडी में डबल मर्डर, सांसें थमने तक पत्थरों से कुचलते रहे हत्यारे
हल्द्वानी। मंडी क्षेत्र में सामने आए सनसनीखेज डबल मर्डर की परतें खुलने के साथ ही खौफनाक सच्चाई सामने आई है। पुलिस जांच में पता चला है कि गैंगस्टर अक्कू और उसके साथी शराब और चरस के नशे में धुत थे। मामूली विवाद के बाद नशे के आगोश में उन्होंने प्रेमी युगल को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। पहले युवक शुभम की हत्या की गई और फिर इस आशंका में कि युवती लक्ष्मी पुलिस के सामने सच न खोल दे, उसकी भी जान ले ली गई। दोनों के शरीर पर तब तक पत्थरों से वार किए गए, जब तक उनकी सांसें पूरी तरह थम नहीं गईं।
गल्ला मंडी में खून से लथपथ मिले शव, सिक्योरिटी प्रभारी ने दी सूचना
इस दिल दहला देने वाली घटना की जानकारी सबसे पहले गल्ला मंडी के सिक्योरिटी प्रभारी अंशुल पांडे को मिली। मंडी परिसर में खून से लथपथ शव दिखाई देने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की तो सामने आया कि रात के वक्त घटनास्थल के आसपास चीखने-चिल्लाने की आवाजें भी सुनाई दी थीं, लेकिन किसी ने आगे बढ़कर हालात जानने की कोशिश नहीं की।
शराबियों के हंगामे समझकर अनसुना करते रहे लोग
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि गल्ला मंडी इलाके में अक्सर मजदूर और ट्रक चालक शराब के नशे में झगड़ा करते रहते हैं। बुधवार रात भी लोगों को लगा कि वही रोजमर्रा का हंगामा होगा। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
खराब कैमरों ने बढ़ाई चुनौती, दूर लगे CCTV से मिली अहम कड़ी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटनास्थल के पास लगे कई सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े थे। हालांकि कुछ दूरी पर लगे कैमरों में अक्कू और उसके साथियों की झलक कैद हो गई। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चारों को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने डबल मर्डर की पूरी कहानी कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि शराब और चरस के नशे में ही विवाद शुरू हुआ था, जो खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया।
शुभम-लक्ष्मी के पोस्टमार्टम में लगे करीब पांच घंटे
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर सीधे मोर्चरी पहुंचाया। यहां पहले लक्ष्मी और फिर शुभम का पोस्टमार्टम किया गया, जिसकी पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। लक्ष्मी के पोस्टमार्टम के दौरान महिला चिकित्सक की मौजूदगी सुनिश्चित की गई। जांच के लिए विसरा भी सुरक्षित रखा गया है।
अल्मोड़ा से हल्द्वानी आया था शुभम, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अल्मोड़ा। हल्द्वानी में हुए इस डबल मर्डर की गूंज अल्मोड़ा तक सुनाई दी। लोअर माल रोड सरकार की आली निवासी शुभम की निर्मम हत्या की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शुभम तल्ला खोल्टा का रहने वाला था और करीब पांच साल पहले रोज़गार की तलाश में हल्द्वानी आया था। उसकी मां का कुछ वर्ष पहले और पिता का करीब एक साल पहले निधन हो चुका है। परिवार अभी इस सदमे से उबरा भी नहीं था कि गुरुवार को शुभम की हत्या की खबर ने सभी को तोड़कर रख दिया। जैसे ही क्षेत्र में इस जघन्य हत्या की सूचना फैली, हर कोई सन्न रह गया।
