Monday, March 2, 2026
उत्तराखंड

धौलास भूमि विवाद पर CM धामी सख्त, बोले— नियम विरुद्ध आवंटन मिला तो जमीन सरकार में होगी निहित

देहरादून में धौलास स्थित विवादित भूमि आवंटन मामले को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी तरह का तुष्टीकरण या साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति को प्राथमिकता दी है और धौलास का मामला उसी का उदाहरण है।

मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि धौलास भूमि आवंटन प्रकरण की गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कहीं भी नियमों के विपरीत आवंटन पाया गया तो संबंधित जमीन राज्य सरकार में निहित कर दी जाएगी।

‘जनसांख्यिकी बदलाव की चर्चा साजिश की ओर संकेत’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बार-बार जनसांख्यिकी बदलाव और मुस्लिम यूनिवर्सिटी की बात सामने आना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में हुआ भूमि आवंटन इस आशंका को मजबूत करता है।

भाजपा ने भी कांग्रेस पर उठाए सवाल

धर्मपुर से विधायक और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्ष 2004 में मौलाना महमूद मदनी की संस्था को जमीन दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीयत उलेमा-ए-हिंद संगठन कट्टरपंथी गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि कांग्रेस सरकार ने शीर्ष सैन्य संस्थान आईएमए की सुरक्षा को जोखिम में डालकर यह जमीन क्यों आवंटित की।

मुस्लिम यूनिवर्सिटी और सुरक्षा मुद्दे पर तीखे सवाल

विधायक चमोली ने कहा कि जो लोग पहले मुस्लिम यूनिवर्सिटी के वादे से इनकार कर रहे थे, उन्हें अब जमीन आवंटन पर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह ऐसे लोगों का समर्थन करती है जो हल्द्वानी के बनभूलपुरा में कब्जों पर कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हमला करने वालों के साथ खड़े रहे।

यूसीसी और कानूनों के विरोध को लेकर आरोप

चमोली ने कांग्रेस से सवाल किया कि जब देवभूमि की डेमोग्राफी बचाने की कोशिश होती है तो वह विरोध में क्यों खड़ी हो जाती है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC), मतांतरण कानून, दंगारोधी कानून और धार्मिक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस इन कदमों का विरोध करती रही है। उनका आरोप था कि वोटबैंक की राजनीति में कांग्रेस प्रदेश की सुरक्षा और अस्मिता को दांव पर लगाती है।

‘भूमि खरीदने वालों के साथ हुआ फ्रॉड’

भाजपा नेता ने धौलास में विवादित जमीन खरीदने वाले लोगों के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि यह भोले-भाले लोगों के साथ हुआ लैंड फ्रॉड है और सरकार इस मामले में कार्रवाई करेगी। उन्होंने कांग्रेस के बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया।