BSEB Inter Topper 2026: लखीसराय की अनामिका ने रचा इतिहास, बिहार में तीसरा स्थान हासिल कर बढ़ाया मान
लखीसराय जिले के पिपरिया प्रखंड के रामचंद्रपुर गांव की बेटी अनामिका ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे बिहार में तीसरा स्थान हासिल किया है। विज्ञान संकाय में मिली इस बड़ी सफलता के साथ ही अनामिका ने न सिर्फ अपने जिले बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
अनामिका की इस उपलब्धि से गांव में जश्न का माहौल है। परिजन और ग्रामीण उनकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं और लगातार बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। अपनी इस उपलब्धि के बाद अनामिका ने बिहार प्रशासनिक सेवा की तैयारी करने का लक्ष्य तय किया है।
सीमित संसाधनों में की पढ़ाई, मेहनत लाई रंग
अनामिका ने अपनी इंटरमीडिएट की पढ़ाई बेगूसराय जिले के आरकेएल उच्च माध्यमिक विद्यालय, मटिहानी से पूरी की। पढ़ाई के दौरान वह अपनी फुआ के घर रहकर परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन ने उन्हें राज्य के टॉप तीन छात्रों में शामिल कर दिया।
पहले भी कर चुकी हैं शानदार प्रदर्शन
यह पहली बार नहीं है जब अनामिका ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया हो। इससे पहले वर्ष 2024 में उन्होंने अपने पैतृक गांव स्थित महावीर प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामचंद्रपुर से मैट्रिक परीक्षा में भी राज्य स्तर पर छठा स्थान प्राप्त किया था। लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें मेधावी छात्रों की सूची में मजबूती से स्थापित किया है।
गांव में जश्न, पूजा-अर्चना कर मनाई खुशी
बेटी की इस सफलता पर गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला। बुधवार को ग्रामीणों और परिजनों ने जखराज स्थान पर पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाया। इसके बाद लोगों के बीच प्रसाद वितरण किया गया और अनामिका को लड्डू व रसगुल्ले खिलाकर खुशी का इजहार किया गया।
परिवार और समाज ने दी शुभकामनाएं
अनामिका के पिता दीपक कुमार उर्फ प्रवीण बेगूसराय के एक प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक हैं, जबकि उनकी मां रागिनी देवी गृहिणी हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर परिवार में गर्व का माहौल है।
इस मौके पर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रविरंजन कुमार उर्फ टनटन, समाजसेवी गोपाल सिंह, सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. रविन्द्र प्रसाद सिंह और रामनिवास शर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने अनामिका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
