Bihar Weather Update: बिहार में बदलेगा मौसम, 26-27 मार्च को कई जिलों में बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी
पटना। बिहार में मौसम (Bihar Weather Today 24th March) इस सप्ताह उतार-चढ़ाव भरा बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि 26 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
26-27 मार्च को तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी
राज्य के उत्तर और दक्षिणी हिस्सों में 26-27 मार्च के दौरान 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और छिटपुट वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों, वाहन चालकों और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है।
गर्मी से राहत और तापमान का अनुमान
हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। अरवल जिले में तेज हवा की रफ्तार 26 किमी प्रतिघंटा रही।
पटना में अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, कैमूर जिले में सर्वाधिक तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को पटना और आसपास के इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ था, लेकिन बादलों की छाया के कारण तापमान सामान्य रहा।
