Bihar Weather Update: बिहार में बदला मौसम का मिजाज, दिन में चटक धूप तो सुबह-शाम ठंड का एहसास; जानिए आपके जिले का तापमान
बिहार में मौसम अब करवट ले रहा है। दिन के समय तेज और चटक धूप जहां गर्मी का एहसास करा रही है, वहीं सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड अभी भी बनी हुई है। कई जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखा जा रहा है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, धूप की गर्माहट लोगों को राहत देती नजर आती है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं और अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा।
अगले 3-4 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अगले 3 से 4 दिनों तक कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। इसके साथ ही अगले सात दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दिन में धूप का असर बढ़ेगा, लेकिन सुबह और रात में हल्की ठंड का असर जारी रहेगा।
उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार का तापमान
उत्तर-पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिलों में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
वहीं उत्तर-मध्य बिहार के सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में भी अधिकतम 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में भी तापमान का यही ट्रेंड रहने की संभावना है।
दक्षिण और मध्य बिहार में बढ़ेगा पारा
दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में भी दिन का तापमान 26 से 28 डिग्री और रात का तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
दक्षिण-पूर्व बिहार के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
भागलपुर में धूप ने बदला मिजाज
भागलपुर में अब कोहरा और धुंध लगभग खत्म हो चुके हैं। रात और सुबह में ओस भी लगभग गायब हो गई है। मंगलवार को खुली धूप में बैठे लोगों को इस सीजन में पहली बार धूप हल्की चुभती महसूस हुई। हालांकि पछुआ हवाओं की रफ्तार पहले के मुकाबले कम रही। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार तक दिन और रात के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, साथ ही पछुआ हवाओं की गति भी तेज होने के आसार हैं।
क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक?
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार के मुताबिक अगले दो दिनों में दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। दिन का तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। इस दौरान 6 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चलेगी। दिन में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि रात में हल्की ठंड बनी रहेगी।
