बिहार

Bihar Weather Update: मौसम ने बदली चाल, फरवरी में 15 साल बाद सबसे गर्म रही पटना की रात

बिहार में मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदलता नजर आ रहा है। पछुआ हवाओं के असर से राज्य में शुष्क परिस्थितियां बनी हुई हैं और तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार कई इलाकों में तेज झोंकों के साथ हवा चलने की संभावना है, जबकि सुबह और शाम हल्के स्तर का कोहरा भी छा सकता है।

गुरुवार को तापमान में बढ़ोतरी
पटना सहित आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को मौसम साफ रहा और धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य के करीब 20 जिलों में अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गई, जिससे दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस की गई।

तापमान का पूरा आंकड़ा
राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 30.2 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं 9.7 डिग्री सेल्सियस के साथ किशनगंज सबसे ठंडा जिला दर्ज हुआ। पटना का न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो फरवरी महीने में पिछले 15 वर्षों का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है।

दृश्यता और न्यूनतम तापमान का ट्रेंड
पूर्णिया में सबसे कम दृश्यता 900 मीटर दर्ज की गई। पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान 9.7 से 16.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड हुआ, जिससे सुबह के समय हल्की ठंड बनी रही।

आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 16 फरवरी को हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इसके प्रभाव से राज्य के उत्तरी हिस्सों के कुछ इलाकों में आंशिक बादल छा सकते हैं। हालांकि अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।