Bihar Weather Update: बादलों की चादर में रहेगा बिहार, ठंड और बारिश को लेकर IMD ने जारी किया ताजा पूर्वानुमान
बिहार में पछुआ हवा के असर से मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने और सुबह-शाम हल्की ठंड का असर बना रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, जबकि हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
चक्रवाती सिस्टम से बढ़ी नमी
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव बना हुआ है। इसी सिस्टम के कारण हवा में नमी की मात्रा बनी हुई है, जिससे राज्य के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने के आसार हैं।
किशनगंज रहा सबसे ठंडा, पूर्णिया में कम दृश्यता
रविवार को न्यूनतम तापमान के आंकड़ों में किशनगंज सबसे ठंडा दर्ज हुआ, जहां पारा 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पटना का न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया में 1200 मीटर के साथ सबसे कम दृश्यता दर्ज की गई। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के साथ आंशिक बादल छाए रहे और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की गई।
कहां दर्ज हुआ सबसे ज्यादा तापमान
अधिकतम तापमान की बात करें तो रविवार को पटना में 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि कैमूर में 29.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ। मोतिहारी, बक्सर, गया और फारबिसगंज को छोड़कर पटना समेत अन्य जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
