Monday, March 2, 2026
बिहार

Bihar Inter Exam 2026: पहले दिन जिन छात्रों की छूटी परीक्षा, उन्हें अप्रैल में मिलेगा दूसरा मौका, बोर्ड ने किया बड़ा ऐलान

पटना। बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के पहले दिन बड़ी संख्या में परीक्षार्थी विलंब से केंद्र पहुंचने के कारण परीक्षा से वंचित रह गए। बोर्ड के सख्त निर्देशों के तहत परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए, जिसके चलते कई छात्र प्रवेश नहीं पा सके। हालांकि, ऐसे छात्रों के लिए बोर्ड ने राहत भरी घोषणा की है।

पहले दिन किन विषयों की हुई परीक्षा
इंटर परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में जीव विज्ञान और दर्शनशास्त्र, जबकि दूसरी पाली में कला और वाणिज्य संकाय के अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर सुरक्षा और समय पालन को लेकर कड़े इंतजाम किए गए थे।

लेट पहुंचने वाले छात्रों को नहीं मिला प्रवेश
बोर्ड के नियमों के अनुसार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया जाता है। इसकी सूचना लगातार लाउडस्पीकर के जरिए दी जाती रही, लेकिन इसके बावजूद कई परीक्षार्थी समय पर नहीं पहुंच सके। ऐसे छात्रों को किसी भी हाल में परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

अप्रैल में होगी विशेष परीक्षा, मई में आएगा रिजल्ट
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने साफ किया है कि जिन परीक्षार्थियों की किसी कारणवश पहले दिन की परीक्षा छूट गई है, वे अप्रैल माह में आयोजित की जाने वाली विशेष परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इस विशेष परीक्षा का परिणाम मई में घोषित किया जाएगा। हालांकि, ऐसे छात्र अपने बाकी विषयों की परीक्षाओं में नियमित रूप से शामिल हो सकते हैं।

13 फरवरी तक चलेगी इंटरमीडिएट परीक्षा
बोर्ड ने बताया कि इंटर की मुख्य परीक्षा 13 फरवरी तक संचालित होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि निर्धारित समय से आधा घंटा पहले गेट बंद कर दिया जाएगा। बोर्ड ने छात्रों से समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की अपील की है।

आज गणित, राजनीति विज्ञान और फाउंडेशन कोर्स की परीक्षा
दूसरे दिन यानी 3 फरवरी को पहली पाली में विज्ञान और कला संकाय के छात्रों के लिए गणित विषय की परीक्षा होगी। वहीं, दूसरी पाली में कला संकाय के लिए राजनीति विज्ञान और वोकेशनल कोर्स के छात्रों के लिए फाउंडेशन कोर्स की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

दूसरी पाली में भी छूटी कई छात्रों की परीक्षा
राजधानी पटना सहित कई जिलों में दूसरी पाली में भी देर से पहुंचने वाले दर्जनों परीक्षार्थी परीक्षा नहीं दे सके। पहले दिन पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 1:30 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली।

पटना जिले में 574 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
पटना जिले में पहली पाली में कुल 27,119 परीक्षार्थियों में से 26,727 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 392 छात्र अनुपस्थित रहे। इस तरह पहली पाली में 98.55 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। दूसरी पाली में कुल 7,006 परीक्षार्थियों में से 6,808 ने परीक्षा दी, जबकि 198 छात्र अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति प्रतिशत 97.17 रहा।