Monday, March 2, 2026
पंजाब

लक्की ओबराय हत्याकांड में बड़ा खुलासा: पोस्टमार्टम में शरीर से मिलीं 5 गोलियां, घर का नौकर संदिग्ध हालात में लापता

जालंधर। आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबराय की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सनसनीखेज तथ्य उजागर किए हैं। मौत के करीब 12 घंटे बाद सिविल अस्पताल में तीन डॉक्टरों के विशेष मेडिकल पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया, जिसमें शरीर से कुल पांच गोलियां बरामद होने की पुष्टि हुई है।

तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया डॉक्टर अरोड़ा, डॉक्टर बेअंत सिंह और डॉक्टर अभिषेक की संयुक्त टीम ने पूरी की। डॉक्टरों के अनुसार, गोलियां शरीर के भीतर गहराई तक धंसी हुई थीं, जिन्हें निकालने में काफी समय लगा। मेडिकल जांच के दौरान शरीर पर कई स्थानों पर फायर किए जाने के स्पष्ट निशान भी पाए गए।

गले और छाती में लगीं गोलियां, कई निशान बरकरार
डॉक्टरों ने बताया कि एक गोली गले के दाहिने हिस्से में, जबकि दो गोलियां सीधे छाती में लगी थीं। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी फायरिंग के निशान मिले हैं। कुछ गोलियां शरीर को छूते हुए बाहर निकल गईं, जबकि कुछ अंदर ही फंसी रह गई थीं, जिससे हमले की क्रूरता और नजदीक से की गई फायरिंग की आशंका मजबूत होती है।

शनिवार को होगा अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है। लक्की ओबराय का अंतिम संस्कार शनिवार को मॉडल टाउन स्थित श्मशानघाट में दोपहर 1 बजे किया जाएगा।

घर का नौकर लापता, मोबाइल भी बंद
हत्या के बाद से मृतक के घर का नौकर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता बताया जा रहा है। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है, जिसे पुलिस बेहद गंभीर कड़ी मान रही है। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में लेकर पूछताछ और तकनीकी जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, टीमें गठित
पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े अहम सुराग सामने लाए जाएंगे।