उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ में सफाई कर्मियों के लिए बड़ा स्वास्थ्य शिविर, 241 का चेकअप; 96 को मुफ्त चश्मे वितरित

लखनऊ नगर निगम के त्रिलोक नाथ सभागार में बुधवार को सफाई कर्मियों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया और एचसीएल फाउंडेशन ने ‘स्वच्छ उदय’ कार्यक्रम के तहत सहयोग किया। शिविर में कुल 241 सफाई कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण और कैंसर स्क्रीनिंग की गई, जबकि 96 जरूरतमंद कर्मियों को चश्मे वितरित किए गए।

कई गंभीर बीमारियों की हुई जांच, मौके पर मिला इलाज
शिविर के दौरान उच्च रक्तचाप, मधुमेह, आंखों और दांतों समेत कई बीमारियों की जांच की गई। लक्षणों के आधार पर टीबी जांच के लिए सैंपल भी लिए गए। इसके अलावा त्वचा और अन्य रोगों से संबंधित समस्याओं पर डॉक्टरों ने दवाएं उपलब्ध कराईं, जिससे सफाई कर्मियों को तत्काल राहत मिल सके।

अधिकारियों ने किया उद्घाटन, स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर
कार्यक्रम का उद्घाटन अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविन्द कुमार राव, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एन. सिंह और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. के. श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर डॉ. अरविन्द कुमार राव ने कहा कि जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की समय पर जांच और इलाज बेहद जरूरी है, ताकि सफाई कर्मचारी स्वस्थ और सुरक्षित जीवन जी सकें। उन्होंने शहर को स्वच्छ रखने में सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए आयोजन में सहयोग देने वाली टीम के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

स्वास्थ्य विभाग ने जताई हरसंभव सहयोग की प्रतिबद्धता
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सफाई कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उनका स्वस्थ रहना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य विभाग भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन में पूरा सहयोग देगा।

सुरक्षा और सामाजिक योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है कर्मियों को
आयोजन में शामिल प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर लगातार काम कर रही है। इसके तहत प्रशिक्षण कार्यक्रमों के साथ-साथ उन्हें विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है, ताकि उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।

26 वार्डों में चल रहा ‘स्वच्छ उदय’ अभियान
यह भी बताया गया कि नगर निगम के सहयोग से शहर के 26 वार्डों में ‘स्वच्छ उदय’ कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत साफ-सफाई, जल प्रबंधन और कूड़ा पृथक्करण को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। मोहल्ला स्वच्छता समितियों के गठन के साथ ही महिला आरोग्य समितियों को भी सक्रिय किया गया है, जिससे समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य और स्वच्छता को बढ़ावा मिल सके।