भोपाल-धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस 27 फरवरी से शुरू, रेलवे ने जारी की पूरी टाइमिंग
खलारी। झारखंड और मध्य प्रदेश के बीच लंबित मांग को देखते हुए रेलवे ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गाड़ी संख्या 11631/11632 भोपाल-धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस का परिचालन 27 फरवरी से शुरू होगा। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी और खलारी स्टेशन पर भी ठहराव रहेगा, जिससे स्थानीय यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, गाड़ी संख्या 11631 सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को रात 8.55 बजे भोपाल से प्रस्थान करेगी। अगले दिन दोपहर 3.28 बजे खलारी स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट के स्टॉप के बाद 3.30 बजे धनबाद के लिए रवाना होगी। ट्रेन उसी दिन रात 8.20 बजे धनबाद पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 11632 रविवार, बुधवार और शनिवार को सुबह 7.20 बजे धनबाद से प्रस्थान करेगी। ट्रेन खलारी 10.53 बजे पहुंचेगी और 10.55 बजे भोपाल के लिए रवाना होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह ट्रेन अगले दिन सुबह 7.00 बजे भोपाल पहुंचेगी।
रेल सूत्रों के मुताबिक, यह ट्रेन कुल 22 आधुनिक कोचों से सुसज्जित होगी। इसमें एसी प्रथम श्रेणी, एसी द्वितीय, एसी तृतीय, स्लीपर क्लास और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। ट्रेन पतरातू, टोरी, डालटनगंज, गढ़वा, रेणुकूट और चोपन मार्ग से होकर संचालित होगी।
नई रेल सेवा शुरू होने से कोयलांचल क्षेत्र और मध्य प्रदेश के बीच यात्री आवागमन, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलने की संभावना है। खलारी और आसपास के इलाकों के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए सीधी और सुविधाजनक रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
