बिहार

आज पटना में अमित शाह, नीतीश के राज्यसभा नामांकन में रहेंगे मौजूद; सियासी हलचल तेज

पटना। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुरुवार को पटना दौरे पर रहेंगे। उनके इस दौरे को लेकर बिहार की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। माना जा रहा है कि यह दौरा आगामी राज्यसभा चुनाव और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम है।

सूत्रों के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को पटना में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि वे अमित शाह की मौजूदगी में और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के मौजूद रहने की संभावना है।

हालांकि, इस मुद्दे पर कैबिनेट मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि राज्यसभा जाने का अंतिम फैसला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

नामांकन के बाद भाजपा कोर ग्रुप की अहम बैठक

गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया के बाद अमित शाह भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। इस बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

अमित शाह की मौजूदगी में संभावित नामांकन और उसके बाद होने वाली कोर ग्रुप बैठक को बिहार की सियासत में बड़े संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक मायने और स्पष्ट हो सकते हैं।