रेल यात्रियों के लिए अलर्ट! वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें 15 दिन रहेंगी लेट, सफर से पहले देख लें नया टाइम टेबल
भारतीय रेलवे यात्री सुरक्षा और रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए गया–कोडरमा रेलखंड पर बड़ा काम शुरू करने जा रहा है। पहाड़पुर स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज (FOB) के गर्डर लॉन्चिंग कार्य के चलते धनबाद–गया–डीडीयू रेल रूट पर दोपहर बाद ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इसी वजह से 13 फरवरी से अगले 15 दिनों तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा और यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है।
गर्डर लॉन्चिंग के कारण ट्रैफिक ब्लॉक, ट्रेनें होंगी लेट
रेल प्रशासन के मुताबिक एफओबी के गर्डर लॉन्चिंग कार्य के दौरान सुरक्षा कारणों से ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। इसका सीधा असर इस रूट से गुजरने वाली मेल, एक्सप्रेस, मेमू और वंदे भारत ट्रेनों पर पड़ेगा। कुछ ट्रेनें तय समय से देरी से चलेंगी, जबकि कुछ का संचालन आंशिक रूप से किया जाएगा।
इन तारीखों में इन ट्रेनों पर पड़ेगा असर
वाराणसी–आसनसोल मेमू ट्रेन 13, 17 और 18 फरवरी को करीब 30 मिनट, जबकि 19 फरवरी को 40 मिनट की देरी से चलेगी। आनंद विहार–रांची झारखंड एक्सप्रेस 16 फरवरी को 135 मिनट और 19 फरवरी को 120 मिनट की देरी से आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होगी।
कोडरमा–दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 21 से 25 फरवरी तक 105 से 120 मिनट की देरी से कोडरमा स्टेशन से खुलेगी। गया–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस 21, 22 और 23 फरवरी को क्रमशः 90, 70 और 90 मिनट की देरी से गया जंक्शन से प्रस्थान करेगी।
इसके अलावा रांची एक्सप्रेस 21 फरवरी को आरा स्टेशन से 130 मिनट लेट चलेगी, जबकि पटना–टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस 23 फरवरी को 75 मिनट की देरी से पटना जंक्शन से खुलेगी। वैशाली–कोडरमा–वैशाली मेमू ट्रेन 22 फरवरी को वैशाली से गया तक ही संचालित की जाएगी।
यात्रियों से रेलवे की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें। समय में बदलाव और देरी को देखते हुए स्टेशन समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
