Monday, March 2, 2026
अन्य राज्य

AI Summit 2026: PM मोदी के राजकीय भोज में परोसा गया ‘भारत का स्वाद’, राजमा गिलावत से रस मलाई ट्रेस लेचेस तक खास मेनू

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात वैश्विक नेताओं के लिए विशेष राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी कर रहे हैं। आईटीसी समूह के अनुभवी शेफों द्वारा तैयार किया गया यह मेनू भारत की ‘शिशिर ऋतु’ और समृद्ध कृषि विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। इस भोज में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा समेत कई वैश्विक नेता शामिल हैं, जो भारतीय मौसमी व्यंजनों का स्वाद चखेंगे।

यह पूरा आयोजन तकनीकी नवाचार और पारंपरिक भारतीय खाद्य संस्कृति के अनूठे संगम के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

स्टार्टर: उत्तर भारत के स्वाद की शुरुआत

रात्रिभोज की शुरुआत ‘राजमा गिलावत’ से की जा रही है। कश्मीरी राजमा से तैयार यह कबाब अपनी मखमली बनावट और हल्के मसालों के संतुलन के लिए जाना जाता है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि मेहमानों को उत्तर भारत के पारंपरिक स्वाद का अनुभव हो सके।

मेन कोर्स: मिलेट्स और शीतकालीन फसलों पर फोकस

मुख्य व्यंजनों में भारत की विविध शीतकालीन फसलों को प्रमुखता दी गई है। पोषण और पुनरुत्थान (कायाकल्प) को ध्यान में रखते हुए बाजरा और अन्य मोटे अनाजों (मिलेट्स) से बने नवाचारी व्यंजन शामिल किए गए हैं।

इसमें जीआई-टैग प्राप्त मुनस्यारी राजमा से तैयार ‘राजमा गिलावत’ भी शामिल है। उत्तराखंड के मुनस्यारी क्षेत्र का यह राजमा अपने हल्के अखरोट जैसे स्वाद और मलाईदार बनावट के लिए प्रसिद्ध है। कुमाऊं क्षेत्र में यह स्थानीय लोगों की पसंदीदा फसल मानी जाती है और अपने प्राकृतिक, सौम्य स्वाद के कारण विशेष पहचान रखती है।

डेजर्ट: भारतीय और लैटिन स्वाद का फ्यूजन

मिठाई में ‘रस मलाई ट्रेस लेचेस’ इस शाम का मुख्य आकर्षण है। पारंपरिक भारतीय रस मलाई और लैटिन अमेरिकी ट्रेस लेचेस केक का यह फ्यूजन वैश्विक एकता और नवाचार का प्रतीक माना जा रहा है। भारतीय मिठास और अंतरराष्ट्रीय अंदाज का यह संयोजन मेनू को खास बनाता है।

पेय और पारंपरिक समापन

पेय पदार्थों में कश्मीरी कहवा, फिल्टर कॉफी और दार्जिलिंग चाय शामिल हैं। भोजन के समापन पर मेहमानों को भारतीय गुलाब और मिश्री से तैयार गुलकंद चॉकलेट लीफ (पान) परोसा जाएगा, जो पारंपरिक भारतीय आतिथ्य का प्रतीक है।

आईटीसी समूह के शेफों ने इस मेनू को शिखर सम्मेलन की ‘भविष्योन्मुखी’ थीम के अनुरूप डिजाइन किया है। जहां एआई समिट तकनीकी प्रगति और डिजिटल भविष्य की बात करता है, वहीं यह राजकीय भोज भारत की खाद्य सुरक्षा, टिकाऊ कृषि और सांस्कृतिक विविधता की ताकत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करता है।