छत्तीसगढ़ में रोपवे के केबल टूटने से हादसा, एक की मौत, 16 घायल
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार सुबह साढ़े 10 बजे एक भयावह रोपवे हादसा हुआ। खल्लारी माता मंदिर के रोपवे का केबल अचानक टूट गया, जिससे एक ट्राली 100 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गई। इस घटना में रायपुर की 28 वर्षीय शिक्षिका आयुषी साठकर की मौत हो गई, जबकि उनके पति ऋषभ गंभीर रूप से घायल हैं। इसके अलावा 16 अन्य श्रद्धालु भी घायल हुए हैं।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, रोपवे दो वर्ष पहले स्थापित किया गया था और इसका रखरखाव कोलकाता स्थित रोपवे एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को सौंपा गया था। कंपनी ने चार दिन पहले ही इसका मेंटेनेंस किया था। श्रद्धालु सुबह खल्लारी माता के दर्शन के लिए पहुंचे थे। पूजा-अर्चना के बाद जब वे नीचे लौटने के लिए ट्राली में सवार हुए, तभी केबल टूट गया। ट्राली तेज गति से नीचे लुढ़ककर बड़े पत्थरों से टकराई।
कंपनी पर पहले भी आरोप
रोपवे एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड पर पहले भी आरोप लग चुके हैं। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में कंपनी के रखरखाव वाले रोपवे में दो हादसों में दो लोगों की मौत हुई थी। कंपनी के मेंटेनेंस इंचार्ज ने बताया कि इस रोपवे का रखरखाव 16-18 मार्च तक किया गया था, लेकिन अभी हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।
मन्नत पूरी करने आए थे पति-पत्नी
हादसे में मृतक आयुषी और उनके पति ऋषभ उस मंदिर में दर्शन करने आए थे, जहां उनका रिश्ता तय हुआ था और 25 नवंबर 2025 को उनका विवाह हुआ था। मन्नत पूरी करने आए ये दंपति उसी जगह हादसे का शिकार बने, जहां से उनके जीवन की नई शुरुआत हुई थी।
घायलों की स्थिति
इस हादसे में 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों में टिकरापारा, रायपुर निवासी रतनलाल नागेश्वर (65), हेमिन नागेश्वर (62), हेमलाल नागेश्वर (38), कुंती नागेश्वर (35), पूर्वी नागेश्वर (7), टिया (3), अमलेश (30), रायपुर निवासी कुमेश साहू (42), तोमेश्वरी साहू (38), हर्ष साहू (9), ऋषभ धावरे (29), छायांश धावरे (16), महासमुंद निवासी मानसी गड़रिया (13), नमिता स्वामी (48), अंकुष्मिता स्वामी (10) और गोविंद स्वामी (47) शामिल हैं।
