बेंगलुरु में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला, बेटी पर मां की निजी तस्वीरें बॉयफ्रेंड को भेजने का आरोप, पकड़े जाने पर प्रेमी संग फरार
नई दिल्ली। बेंगलुरु से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने पारिवारिक रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक महिला ने अपनी ही बेटी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि बेटी ने बिना अनुमति अपनी मां और अन्य महिला रिश्तेदारों की निजी तस्वीरें और वीडियो अपने प्रेमी के साथ साझा किए।
पढ़ाई के बहाने लिया मोबाइल, अनजान युवक से करते पकड़ी गई बात
शिकायत के अनुसार 23 वर्षीय युवती ने कुछ महीने पहले पढ़ाई का बहाना बनाकर अपने माता-पिता से मोबाइल फोन लिया था। करीब एक महीने पहले परिजनों ने उसे एक अनजान युवक से बातचीत करते हुए पकड़ लिया, जिसके बाद परिवार को उस पर शक हुआ।
फोन चेक करने पर सामने आया चौंकाने वाला सच
मां ने जब बेटी का मोबाइल फोन चेक किया तो उसमें उनकी अपनी और एक अन्य महिला रिश्तेदार की निजी तस्वीरें और वीडियो मिले। आरोप है कि ये तस्वीरें बिना जानकारी और अनुमति के ली गई थीं। शिकायत में कहा गया है कि बेटी ने न केवल ये निजी सामग्री जुटाई, बल्कि उन्हें अपने कथित बॉयफ्रेंड के साथ भी शेयर किया।
कुछ हफ्ते पहले कर ली प्रेमी से शादी
परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि युवती ने कुछ सप्ताह पहले उसी युवक से शादी कर ली है। मामला सामने आने के बाद से युवती और उसका पति दोनों फरार बताए जा रहे हैं, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, फोरेंसिक जांच जारी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने युवती और उसके पति के मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट होगी।
