CM विजय ने पूरा किया चुनावी वादा, नवजातों को दी 22 कैरेट सोने की अंगूठी; गोद में उठाकर कुछ बच्चों का कान में बोलकर किया नामकरण
मदुरै: TVK नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए नवजात शिशुओं के लिए ‘थाईमामन थंगा मोदिरम’ योजना की शुरुआत की। मुख्यमंत्री विजय विशेष विमान से मदुरै पहुंचे, जहां सरकारी राजाजी अस्पताल में उन्होंने इस योजना को लॉन्च किया। इस दौरान 25 नवजात शिशुओं को एक-एक ग्राम की 22 कैरेट सोने की अंगूठी भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने कई नवजातों को अपनी गोद में उठाया और माताओं के अनुरोध पर कुछ बच्चों के कान में नाम बोलकर उनका नामकरण भी किया। 22 जून 2026 से सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
तमिलनाडु में मामा की ओर से बच्चे को उपहार देने की परंपरा
तमिलनाडु में बच्चे के जन्म के बाद मामा की ओर से उपहार देने की परंपरा है। चुनाव प्रचार के दौरान सी. जोसेफ विजय ने खुद को तमिलनाडु की महिलाओं का भाई बताते हुए घोषणा की थी कि उनकी पार्टी की सरकार बनने पर सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाले हर शिशु को ‘मामा’ की ओर से एक ग्राम सोने की अंगूठी दी जाएगी। अब सरकार ने इस चुनावी वादे को योजना के रूप में लागू कर दिया है।
पहले चरण में खरीदी गईं 1.28 लाख सोने की अंगूठियां
योजना के पहले चरण के लिए सरकार ने 1.28 लाख सोने की अंगूठियां खरीदी हैं। सभी अंगूठियों को सुरक्षित तरीके से पैक किया गया है। योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक अंगूठी पर एक यूनिक सीरियल नंबर भी अंकित किया गया है। राज्य सरकार ने इस योजना के लिए सालाना 755.83 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया है।
इन माताओं और नवजातों को मिलेगा लाभ
योजना का लाभ उन माताओं को मिलेगा, जो तमिलनाडु की स्थायी निवासी हैं और जिन्होंने ‘प्रेग्नेंसी एंड इन्फेंट कोहोर्ट मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन’ यानी PICME के तहत पंजीकरण कराया है। इसके साथ ही उनके पास ‘रिप्रोडक्टिव एंड चाइल्ड हेल्थ’ यानी RCH ID होना भी जरूरी है। योजना के तहत पात्र नवजात शिशुओं को सोने की अंगूठी दी जाएगी।
107 केंद्रों पर शुरू होगा अंगूठी बांटने का काम
सोमवार से पूरे तमिलनाडु में पात्र नवजातों को गोल्ड रिंग देने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए राज्यभर में 107 केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर रोजाना 100 नवजात शिशुओं को अंगूठी देने का लक्ष्य रखा गया है।
15 सितंबर से टलकर 28 सितंबर को हुआ लॉन्च
इस योजना को शुरुआत में 15 सितंबर को लॉन्च किया जाना था, लेकिन बाद में तारीख टाल दी गई और 28 सितंबर को योजना शुरू करने का फैसला हुआ। इसके बाद लॉन्च कार्यक्रम का स्थान भी बदलकर मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल कर दिया गया। अब पूरे राज्य में सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में जन्म लेने वाले पात्र नवजात शिशु इस योजना के दायरे में आ गए हैं।
