उत्तर प्रदेश

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेगी काशी की कला और हुनर की झलक, बनारसी सिल्क से मंत्र मुद्रित योग शॉल तक को मिलेगा वैश्विक मंच

वाराणसी: अध्यात्म और संस्कृति की नगरी काशी की पहचान धर्म और परंपराओं के साथ-साथ अपनी सदियों पुरानी हस्तशिल्प और बुनकरी की समृद्ध विरासत के लिए भी है। पारंपरिक हुनर के साथ आधुनिक उत्पादों को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में अब काशी के उद्यमियों को बड़ा मंच मिलने जा रहा है। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में वाराणसी के पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार के सामने पेश किया जाएगा।

जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि वाराणसी से 8 निर्यातकों ने ट्रेड शो में अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के लिए पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में काशी के पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों का संगम देखने को मिलेगा। सहायक आयुक्त उद्योग केशव यादव के मुताबिक, सरकार की ओर से निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय मंच देने के साथ ही ट्रेड शो में भागीदारी के लिए सब्सिडी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

ॐ और मंत्र मुद्रित योग शॉल, स्कार्फ और गाउन होंगे खास आकर्षण

काशी के उद्यमी अपनी सदियों पुरानी कला और परंपरा को आधुनिक बाजार की जरूरतों के साथ जोड़कर पेश करेंगे। शिवम् आर्ट्स एक्सपोर्ट के निदेशक अभिषेक केशरी ने बताया कि ट्रेड शो में विशेष रूप से डिजाइन किए गए ॐ और मंत्र मुद्रित योग शॉल, स्कार्फ और गाउन प्रदर्शित किए जाएंगे। इन शॉल को योग और ध्यान के अनुभव को अधिक आध्यात्मिक और सहज बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

इसके अलावा सिल्क ब्रोकेड से तैयार कुशन कवर, टेबल रनर, वाल हैंगिंग और आकर्षक बेड कवर भी प्रदर्शित किए जाएंगे। ये उत्पाद घर की सजावट और पारंपरिक परिधान पसंद करने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।

100 प्रतिशत रिसाइकिल सामग्री से बने बैग भी प्रदर्शनी में

आर.ए.एस पॉलीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से फ्लेक्सिबल इंटरमीडिएट बल्क कंटेनर्स यानी एफआईबीसी बैग, मल्टीफिलामेंट यार्न और अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। एफआईबीसी को जंबो बैग, बल्क बैग, बिग बैग या टनल बैग के नाम से भी जाना जाता है।

पीपी कपड़े से तैयार इन औद्योगिक बैगों का इस्तेमाल विभिन्न वस्तुओं के भंडारण और परिवहन के लिए किया जाता है। कंपनी की ओर से बताया गया है कि इन उत्पादों को लगभग 100 प्रतिशत रिसाइकिल सामग्री का उपयोग करके तैयार किया जाता है।

पिछले ट्रेड शो से मिला अच्छा कारोबार, इस बार भी उम्मीद

आर.ए.एस पॉलीटेक्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक आरके चौधरी ने बताया कि पिछले वर्ष यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में कंपनी को अच्छा व्यवसाय और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। इसी अनुभव को देखते हुए कंपनी ने इस वर्ष भी ट्रेड शो में हिस्सा लेने का फैसला किया है। उनके मुताबिक, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो काशी के उद्यमियों और निर्यातकों के उत्पादों को देश-दुनिया के खरीदारों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है।

वहीं, पहली बार ट्रेड शो में शामिल होने वाले निर्यातकों का कहना है कि आयोजन में स्टॉल की लागत किफायती है और खरीदारों से सीधे संपर्क का अवसर मिलेगा। उनके अनुसार, बिचौलियों की भूमिका कम होने से कारोबार में अधिक लाभ की संभावना रहेगी। उद्यमियों का कहना है कि यह मंच उनके उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का अवसर दे रहा है।