ससुर की हत्या के वक्त पार्टी में डांस कर रही थी बहू शालू, सामने आया वीडियो; 6 लाख की सुपारी देने का आरोप
कानपुर: दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या के मामले में गिरफ्तार उनकी बहू शालू को लेकर पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, जिस वक्त घर में विनीत की हत्या की जा रही थी, उसी दौरान शालू अपने दोस्तों के साथ कॉस्मोजिन लाउंज में पार्टी कर रही थी। इसी दौरान उसके डांस का वीडियो सामने आया है। पुलिस का आरोप है कि शालू ने ही पूर्व कर्मचारी को छह लाख रुपये की सुपारी देकर अपने ससुर की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस जांच के मुताबिक, शालू हत्या की योजना बनाने के बाद घर से निकली थी। आरोप है कि इसके बाद वह फोन के जरिए हत्यारोपियों के संपर्क में रही और वारदात के दौरान उन्हें दिशा-निर्देश देती रही। हालांकि, पुलिस ने इस बात की अभी पुष्टि नहीं की है। जांच में अब पार्टी की समय-सीमा, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल विवरण और आरोपियों के बीच हुई बातचीत को अहम माना जा रहा है।
हत्या के बाद रोने वाली शालू की पार्टी का वीडियो चर्चा में
पुलिस ने सोमवार को दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड का खुलासा करते हुए शालू को हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शालू ने हत्या कराने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। मुठभेड़ में पकड़े गए दोनों कथित सुपारी किलर को भी जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में शालू के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
91 मिनट तक शालू के कमरे में छिपे रहे थे दोनों कातिल
पुलिस पूछताछ में सुपारी किलरों ने वारदात को लेकर कई अहम जानकारियां दी हैं। उनके मुताबिक, दोनों करीब 91 मिनट तक शालू के कमरे में छिपे रहे। वे कमरे के दरवाजे का हैंडल पकड़े हुए विनीत के आने का इंतजार कर रहे थे। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कमरे की बत्ती बंद कर रखी थी और दरवाजा थोड़ा खुला छोड़कर उसकी आड़ से बाहर नजर रख रहे थे।
सुपारी किलर विशाल गौतम के मुताबिक, हत्या के लिए दो योजनाएं बनाई गई थीं। पहली योजना नाकाम होने की स्थिति में दूसरी योजना के तहत चाकू से हमला करना था। इसी वजह से दोनों चाकू लेकर पहुंचे थे।
9:36 बजे घर से निकली शालू, आठ मिनट बाद दाखिल हुए हत्यारोपी
पुलिस को आरोपियों ने बताया कि रात 9:36 बजे शालू अपने पति सुब्रत और बेटे श्रीजय के साथ घर से निकल गई थी। इसके आठ मिनट बाद 9:44 बजे दोनों आरोपी डुप्लीकेट चाबी से फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद वे सीधे शालू के कमरे में पहुंचे और विनीत मिनोचा के आने का इंतजार करने लगे।
करीब 74 मिनट बाद विनीत फ्लैट में पहुंचे। उन्होंने कपड़े बदले और खाना खाया। इसके बाद फ्रिज से मिठाई खाने के बाद पानी पिया। शालू के कमरे का दरवाजा थोड़ा खुला होने के कारण उन्हें अंदर बिल्ली होने का शक हुआ। इसके बाद वह कमरे में पहुंचे और लाइट जला दी।
सामने आते ही विनीत ने पूछा- तुम यहां क्या कर रहे हो?
पुलिस के मुताबिक, कमरे में दोनों आरोपियों को देखकर विनीत ने उनसे पूछा कि वे वहां क्या कर रहे हैं। इसी दौरान विशाल ने चाकू से उन पर लगातार कई वार कर दिए। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने दरवाजे का हैंडल इसलिए पकड़ रखा था, क्योंकि उन्हें डर था कि विनीत बाहर से दरवाजा बंद कर सकते हैं। ऐसा होने पर वे कमरे के अंदर ही फंस जाते।
विनीत के गिरने के बाद आरोपियों ने उनकी धड़कन जांची। इसके बाद दोनों फ्लैट से बाहर निकले और अलग-अलग दिशाओं में चले गए। बाद में पार्क के रास्ते दीवार फांदकर वहां से निकल गए।
