दतिया की जीत के बाद जीतू पटवारी का CM मोहन यादव को खुला पत्र, बोले- अब वादों नहीं, जवाबदेही की है जनता की मांग
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को खुला पत्र लिखकर नई राजनीतिक पहल का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि दतिया का जनादेश साफ संकेत देता है कि प्रदेश की जनता अब केवल चुनावी वादों से संतुष्ट नहीं है, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और धरातल पर दिखाई देने वाले विकास की अपेक्षा रखती है। सोशल मीडिया पर पत्र साझा करते हुए पटवारी ने सरकार और विपक्ष से मिलकर प्रदेश के प्रमुख मुद्दों पर “श्वेत-पत्र” जारी करने की परंपरा शुरू करने की अपील की।
पटवारी ने अपने पत्र में लिखा कि दतिया का फैसला सिर्फ एक विधानसभा क्षेत्र का चुनावी परिणाम नहीं है, बल्कि यह पूरे मध्य प्रदेश की जनता की सोच और बदलती अपेक्षाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि अब लोग ऐसी राजनीति चाहते हैं जिसमें आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर विकास, समाधान और सकारात्मक संवाद को प्राथमिकता मिले।
दतिया के जनादेश को बताया बड़ा संदेश
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति सत्ता और विपक्ष दोनों की जनता के प्रति जवाबदेह भूमिका में निहित होती है। उनके अनुसार दतिया के चुनाव परिणाम को केवल हार-जीत के नजरिए से नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य के लिए मिले महत्वपूर्ण संदेश के रूप में देखा जाना चाहिए।
इन मुद्दों पर श्वेत-पत्र जारी करने का सुझाव
पत्र में जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि राज्य सरकार चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अहम विषयों पर श्वेत-पत्र जारी करे। उन्होंने बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों और कृषि क्षेत्र की स्थिति, युवाओं के रोजगार, कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों तथा दलित और पिछड़ा वर्ग के कल्याण जैसे विषयों को इसमें शामिल करने का सुझाव दिया।
तथ्यों के आधार पर संवाद की वकालत
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस इन सभी जनहित के मुद्दों पर अपने तथ्य, सुझाव और दृष्टिकोण सार्वजनिक रूप से रखने के लिए तैयार है। उनका मानना है कि स्वस्थ लोकतंत्र में राजनीति का आधार आरोप नहीं, बल्कि तथ्य, आंकड़े और जनहित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस पहल को स्वीकार करती है तो जनता के बीच यह सकारात्मक संदेश जाएगा कि शासन संवाद, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति गंभीर है।
