देहरादून में शिक्षिका की मौत पर परिजनों का बड़ा आरोप, कहा- पहले पीटा फिर फांसी पर लटकाकर हत्या की
देहरादून: संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली सरकारी स्कूल की शिक्षिका के मामले में परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि शिक्षिका को पहले प्रताड़ित किया गया और मारपीट के बाद उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा दिखे। परिजनों ने मामले में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था। उन्होंने उसके पति, सास और ननद पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। मृतका के पति उत्तराखंड सचिवालय में पर्सनल सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं।
परिजनों ने आत्महत्या की बात से किया इनकार
मृतका के भाई का कहना है कि उनकी बहन बेहद साहसी थी और वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। परिवार ने दावा किया कि घटना की परिस्थितियां संदेह पैदा करती हैं और पूरे मामले की गहन जांच होनी चाहिए।
मृतका के चचेरे भाई रितांशु कंडारी ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि परिवार को उसकी मौत के हालात पर भरोसा नहीं हो रहा है और उन्हें मामले में साजिश की आशंका है।
ससुर की मौत के बाद बढ़ी थी परेशानी, परिवार का आरोप
रितांशु कंडारी ने आरोप लगाया कि मृतका के ससुर के निधन के बाद से ही उसका पति, सास और ननद उसे परेशान कर रहे थे। परिवार का कहना है कि ससुर की मौत के लिए भी उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था और उसे अपशब्द कहे जाते थे।
परिजनों के मुताबिक, ससुराल पक्ष उसे यह कहकर प्रताड़ित करता था कि उसके घर आने के बाद से परिवार में परेशानियां बढ़ गई हैं। परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी, मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने और केस को गढ़वाल जिले के श्रीनगर शहर में स्थानांतरित करने की मांग की है।
