Tuesday, July 28, 2026
Latest:
बिहार

मुंगेर में CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान! शनिवार को आधे दिन चलेंगे स्कूल, बीएड कॉलेज होंगे अपग्रेड, रोजगार पर भी फोकस

मुंगेर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। असरगंज में राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन की शुरुआत के अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य के सभी बीएड कॉलेजों को चरणबद्ध तरीके से डिग्री महाविद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बिहार के सभी स्कूलों में शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई लागू करने की घोषणा भी की।

बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से खुलेंगे डिग्री कॉलेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े, इसके लिए राज्य के सभी बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री महाविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि असरगंज में लंबे समय से डिग्री कॉलेज की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है।

14 करोड़ रुपये से बनेगा स्थायी भवन

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि असरगंज स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय के लिए 14 करोड़ रुपये की लागत से स्थायी भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा कॉलेज परिसर के आसपास खेल मैदान विकसित करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला प्रशासन को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

212 पहुंची डिग्री कॉलेजों की संख्या

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पहले 211 डिग्री महाविद्यालय संचालित हो रहे थे। असरगंज में नए कॉलेज के शुभारंभ के साथ यह संख्या बढ़कर 212 हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार उच्च शिक्षा के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।

तारापुर के युवाओं को रोजगार देने की तैयारी

सम्राट चौधरी ने कहा कि तारापुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बेरोजगार युवक और युवती की पहचान कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के लिए भूमि चिह्नित की जा रही है। साथ ही असरगंज के अमैया, बैजलपुर और कर गांव के आसपास प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी है।

शनिवार को आधे दिन चलेंगे सभी स्कूल

शिक्षा व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मॉडल विद्यालयों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। मंगलवार को 10 नए मॉडल विद्यालयों के उद्घाटन के बाद इनकी संख्या बढ़कर 561 हो गई है। इन विद्यालयों में लाइव क्लास, डिजिटल लर्निंग तथा नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसी दौरान उन्होंने घोषणा की कि बिहार के सभी स्कूलों में शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई होगी।

मॉडल विद्यालय और आदर्श थाना का भी किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने किसान वैदिक उच्च विद्यालय, लौना से रिमोट के माध्यम से 10 नए मॉडल विद्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से संवाद किया और विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इसके बाद हरपुर पहुंचकर आदर्श थाना भवन का उद्घाटन किया और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, प्रभारी मंत्री संजय कुमार, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, जिलाधिकारी निखिल धनराज निपणिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।