Wednesday, July 29, 2026
Latest:
उत्तर प्रदेश

UP चुनाव से पहले हरिद्वार एक्सप्रेसवे को रफ्तार! जल्द हो सकता है शिलान्यास, 52 गांवों की बदलेगी तस्वीर

अमरोहा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले हरिद्वार एक्सप्रेसवे परियोजना को गति देने की तैयारी तेज हो गई है। मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे के बाद अब अमरोहा-हरिद्वार एक्सप्रेसवे के निर्माण की दिशा में प्रशासन तेजी से काम कर रहा है। भूमि सर्वे पूरा होने के बाद अब परिसंपत्तियों का सर्वे शुरू कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव से पहले इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास कराने की तैयारी चल रही है।

गंगा एक्सप्रेसवे से होगा सीधा संपर्क

प्रस्तावित हरिद्वार एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से अमरोहा जिले की हसनपुर तहसील के रुखालू गांव के पास जोड़ा जाएगा। एक्सप्रेसवे रुखालू गांव की आबादी से लगभग 500 मीटर की दूरी से होकर गुजरेगा। रुखालू से हरिद्वार तक इस एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 116.85 किलोमीटर होगी, जिसमें अमरोहा जिले में करीब 44 किलोमीटर लंबा हिस्सा बनाया जाएगा।

तेजी से चल रहा परिसंपत्तियों का सर्वे

भूमि सर्वे पूरा होने के बाद अब प्रशासन किसानों की परिसंपत्तियों का विस्तृत सर्वे करा रहा है। गाटा संख्याओं का मिलान कर किसानों के नामों का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि अधिग्रहण प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। इसके साथ ही नलकूप की कोठरी, मकान, बोरिंग, पेड़ और अन्य परिसंपत्तियों का भी आकलन किया जा रहा है, जिससे भूमि के साथ-साथ परिसंपत्तियों का भी निर्धारित मुआवजा दिया जा सके।

52 गांवों को मिलेगा परियोजना का लाभ

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार हरिद्वार एक्सप्रेसवे अमरोहा जिले के 52 गांवों से होकर गुजरेगा। पहले परियोजना का प्रस्तावित मार्ग 62 गांवों से होकर गुजरना था, लेकिन संशोधित योजना में 10 गांवों को मार्ग से बाहर कर दिया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद अमरोहा से हरिद्वार की दूरी कम होगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक बनने की उम्मीद है।

रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेजी जाएगी

हसनपुर के उप जिलाधिकारी हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे के लिए भूमि का सर्वे पूरा किया जा चुका है। अब परिसंपत्तियों का सर्वे कराया जा रहा है। गाटा संख्याओं का मिलान पूरा होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।