4 साल बाद खुला संदिग्ध मौत का राज! झारखंड में कब्र खोदकर निकाला गया बुजुर्ग का कंकाल, हत्या की जांच तेज
गुमला: झारखंड के गुमला जिले में चार साल पहले हुई एक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कब्र से कंकाल निकलवाकर जांच शुरू कर दी है। रायडीह थाना क्षेत्र के नवागढ़ बैगाटोली निवासी 65 वर्षीय मलकन बैगा की वर्ष 2022 में हुई मौत के बाद उनका अंतिम संस्कार दफनाकर किया गया था। अब हत्या की आशंका में दर्ज प्राथमिकी के बाद पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खोदकर कंकाल बाहर निकाला है।
मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्र से निकाला गया कंकाल
मंगलवार को रायडीह पुलिस ने प्रशासनिक प्रक्रिया का पालन करते हुए मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मलकन बैगा का कंकाल कब्र से बाहर निकलवाया। इसके बाद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन केवल नर कंकाल होने के कारण वहां पोस्टमार्टम संभव नहीं हो सका। अब वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए कंकाल को रांची स्थित रिम्स भेजा जाएगा।
मौत के चार साल बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार मलकन बैगा की मौत 7 जून 2022 को हुई थी और उसी समय उनका शव दफना दिया गया था। करीब चार वर्ष बाद, 13 जुलाई 2026 को मृतक की बेटी उर्मिला देवी ने रायडीह थाना में नौ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई तेज कर दी है।
9 लोगों पर हत्या का आरोप
दर्ज प्राथमिकी में दीपक बैगा, गंगा बैगा, राजेश बैगा, देवकी देवी, पुको देवी, हीरा बैगा, जबली देवी, सुकरो देवी और सुमरई देवी को आरोपित बनाया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सभी ने मिलकर मलकन बैगा की हत्या की थी।
डायन-बिसाही के शक में हत्या का आरोप
मृतक की बेटी उर्मिला देवी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके पिता की हत्या डायन-बिसाही के संदेह में की गई। उनके अनुसार 1 जून 2022 को मलकन बैगा धान रोपनी का काम करने गए थे। काम खत्म होने के बाद आरोपितों ने कथित तौर पर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और उन्हें मृत समझकर छोड़ दिया। शिकायत में यह भी आरोप है कि 7 जून 2022 को सभी आरोपित दोबारा उनके घर पहुंचे और उनकी हत्या कर दी। साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके कारण उस समय पुलिस को सूचना नहीं दी जा सकी।
वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
रायडीह थाना प्रभारी संदीप यादव ने बताया कि मृतक की बेटी द्वारा 13 जुलाई 2026 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जबकि घटना वर्ष 2022 की है। मामले की जांच के लिए शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक परीक्षण हेतु भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
