450 करोड़ के बैंक घोटाले पर ईडी का बड़ा एक्शन! यूपी, दिल्ली और पंजाब में एक साथ 8 ठिकानों पर छापेमारी
लखनऊ: 450 करोड़ रुपये के कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी और धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में एक साथ छापेमारी की। केंद्रीय एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत तीन राज्यों में कुल आठ परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया।
संतोष ओवरसीज लिमिटेड और प्रवर्तकों पर कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार, ईडी के लखनऊ क्षेत्रीय कार्यालय ने ‘संतोष ओवरसीज लिमिटेड’, उसके प्रवर्तकों और उनसे जुड़ी अन्य इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दायरे में कंपनी से जुड़े विभिन्न परिसरों को शामिल किया गया है, जहां दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
सीबीआई केस के आधार पर शुरू हुई जांच
ईडी की यह कार्रवाई केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज मामले के आधार पर की जा रही है। जांच 450 करोड़ रुपये के बैंक ऋण में कथित धोखाधड़ी से जुड़ी है, जिसमें बैंकों के एक संघ से लिया गया कर्ज जांच के दायरे में है।
फर्जी बिलों और शेल कंपनियों के जरिए रकम घुमाने का आरोप
प्रवर्तन निदेशालय का आरोप है कि ऋण की राशि को फर्जी बिलों, संदिग्ध वित्तीय लेनदेन, मुखौटा कंपनियों और फर्जी प्रविष्टियां उपलब्ध कराने वाले संचालकों के नेटवर्क के माध्यम से कई स्तरों पर स्थानांतरित किया गया। एजेंसी का कहना है कि ऐसा धन के वास्तविक स्रोत को छिपाने और लेनदेन को वैध दिखाने के उद्देश्य से किया गया।
जांच में जुटी ईडी, जुटाए जा रहे दस्तावेज
अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान विभिन्न परिसरों से वित्तीय दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। एजेंसी पूरे लेनदेन की परतें खंगाल रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
