बुलंदशहर बार एसोसिएशन में चली गोली, अधिवक्ता इमामुद्दीन और उनके साले पर हमले से मचा हड़कंप
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर स्थित डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन परिसर में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चैंबर को लेकर अधिवक्ताओं के दो गुट आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और बार परिसर में फायरिंग होने का आरोप लगा।
आरोप है कि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव और उनके आठ से दस साथियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष जिया-उर्र-रहमान के पिता अधिवक्ता इमामुद्दीन और उनके साले रऊफ पर गोली चला दी। घटना के बाद पूरे बार परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
चैंबर विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के मुताबिक बार एसोसिएशन परिसर में चैंबर को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और तीखी बहस शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि फायरिंग की आवाज से पूरा परिसर गूंज उठा। गोली चलने की घटना के बाद वहां मौजूद अधिवक्ताओं और कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर शांत कराया मामला
घटना के दौरान बार परिसर में मौजूद अन्य अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को किसी तरह शांत कराया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ भी की है।
पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और बार परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
