उत्तराखंड

असम पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हिमंत बिस्व सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में होंगे शामिल

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार शाम असम की राजधानी गुवाहाटी पहुंच गए। मुख्यमंत्री धामी मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह देखने को मिला।

गुवाहाटी पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और समर्थक मौजूद रहे।

मां कामख्या देवी के दर्शन भी करेंगे मुख्यमंत्री

असम दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मां कामख्या देवी के दर्शन भी करेंगे। गुवाहाटी स्थित कामख्या धाम देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक माना जाता है और यहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने सोशल मीडिया मंच पर स्वागत की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना से परिपूर्ण मां कामख्या देवी की पावन भूमि में पहुंचने पर भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं और सम्मानित जनों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

उन्होंने स्वागत के लिए सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया।

राजनीतिक और आध्यात्मिक दोनों दृष्टि से अहम दौरा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का यह दौरा राजनीतिक और धार्मिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर जहां वह हिमंत बिस्व सरमा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, वहीं दूसरी ओर मां कामख्या देवी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना भी करेंगे।